सीएम सम्राट के 18 बड़े ऐलान, बिहारवासियों के लिए आई खुशखबरी

पटना। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गांधी मैदान से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के विकास को लेकर 18 बड़े ऐलान किए। इन घोषणाओं में युवाओं को रोजगार, छात्रों की समस्याओं का समाधान, बुजुर्गों के लिए घर पर इलाज, किसानों के लिए नई चीनी मिलें और बिजली-सोलर से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

छात्रों के लिए नया पोर्टल

17 अगस्त से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल शुरू होगा। छात्र पढ़ाई, हॉस्टल, कोचिंग और संस्थानों से जुड़ी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। सरकार ने 30 दिनों के भीतर शिकायतों के निपटारे का लक्ष्य रखा है। वहीं 551 सरस्वती विद्या निकेतनों में IIT-JEE, NEET समेत प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग देने की तैयारी है।

निवेश और उद्योग पर जोर

बिहार में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 25 नई चीनी मिलें स्थापित करने की योजना है। इनमें पांच मिलों को अगले छह महीने में शुरू करने का लक्ष्य बताया गया है।

बुजुर्गों को घर पर मिलेगी चिकित्सा

80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए घर पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है। जिला अस्पतालों में करीब 36 प्रकार की सर्जरी की सुविधा मजबूत करने की भी बात कही गई।

सड़क और शहरों का होगा विस्तार

बिहार में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की योजना है। इसके अलावा करीब 589 किलोमीटर के एक्सप्रेस-वे और हाई-स्पीड कॉरिडोर पर काम चल रहा है। सोनपुर और अजगैबीनाथ में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की योजना भी प्रस्तावित है।

बिजली और सोलर को लेकर बड़ा प्लान

मुख्यमंत्री ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। वहीं 2027 तक 25 लाख घरों पर रूफटॉप सोलर लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

2030 तक एक करोड़ युवाओं को रोजगार

सरकार ने 2030 तक एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए बिहार युवा नीति बनाने और स्टेट यूथ कमिशन के जरिए इसकी निगरानी की बात कही गई है।

महिलाओं और ग्रामीण छात्रों के लिए राहत

महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ को स्कूटी देकर स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों के आसपास तैनात किया जाएगा। वहीं 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, खासकर बेटियों को घर के नजदीक उच्च शिक्षा का अवसर मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा सोन और फल्गू नदी को जोड़ने की योजना, मोकामा में तिरुपति बालाजी मंदिर, जन शिकायतों के 30 दिनों में समाधान और ग्रीनफील्ड टाउनशिप के लिए बड़े वित्तपोषण जैसे ऐलान भी किए गए हैं। सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और आधारभूत ढांचे को नई रफ्तार मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment