यूपी में बिजली संकट होगा दूर, उपभोक्ताओं के लिए आई खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। टाटा पावर ने जलपुरा-खुर्जा ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट के दूसरे चरण को सफलतापूर्वक शुरू कर दिया है। इस परियोजना से पश्चिमी यूपी और एनसीआर के इलाकों में बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

खुर्जा से जलपुरा तक नई ट्रांसमिशन लाइन

परियोजना के तहत 400 केवी की डबल-सर्किट ट्रांसमिशन लाइन तैयार की गई है, जो खुर्जा से जलपुरा तक करीब 162 सर्किट किलोमीटर में फैली है। इसके जरिए बिजली को बड़े पावर नेटवर्क से जोड़कर नोएडा और एनसीआर सहित आसपास के क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर किया जा सकेगा।

1000 MVA क्षमता का सब स्टेशन

जलपुरा में 400/220 केवी का GIS सब स्टेशन भी स्थापित किया गया है। इसकी ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता 1,000 MVA है। यह सब स्टेशन हाई-वोल्टेज ग्रिड से बिजली लेकर उसे 220 केवी नेटवर्क तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।

नई व्यवस्था से ट्रांसमिशन नेटवर्क की क्षमता बढ़ने के साथ बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता में भी सुधार होने की उम्मीद है। इसका फायदा पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के बिजली उपभोक्ताओं को मिल सकता है।

टाटा पावर के इस प्रोजेक्ट के चालू होने के बाद कंपनी का कुल ट्रांसमिशन पोर्टफोलियो करीब 7,900 सर्किट किलोमीटर तक पहुंच गया है। परियोजना को यूपी की बढ़ती बिजली जरूरतों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

0 comments:

Post a Comment