बिहार को जल्द मिलेगा नया एयरपोर्ट, इन जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी!

न्यूज डेस्क। बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट के विकास कार्यों का शिलान्यास 7 सितंबर को किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में होने वाले इस कार्यक्रम के साथ एयरपोर्ट को नए स्वरूप में विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस

पताही एयरपोर्ट को क्षेत्रीय हवाई नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। इसके तहत रनवे में सुधार के साथ नया टर्मिनल भवन और आधुनिक एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर बनाया जाएगा। शुरुआत में छोटे विमानों के संचालन पर जोर दिया जा सकता है। एयरपोर्ट परिसर में पायलट ट्रेनिंग सेंटर विकसित करने की योजना भी बताई जा रही है। इसके विकास पर करीब 104 करोड़ रुपये खर्च होने की योजना है।

उत्तर बिहार के लोगों को मिलेगा फायदा

पताही एयरपोर्ट के दोबारा विकसित होने से मुजफ्फरपुर के साथ उत्तर बिहार के कई जिलों के लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है। अभी हवाई यात्रा के लिए लोगों को पटना समेत दूसरे शहरों पर निर्भर रहना पड़ता है। पताही से उड़ान शुरू होने पर यात्रा का समय कम होने के साथ कारोबार और व्यापार को भी नई गति मिल सकती है।

मुजफ्फरपुर लीची उत्पादन के लिए देशभर में जाना जाता है। बेहतर हवाई सुविधा मिलने से लीची समेत अन्य स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक तेजी से पहुंचाने के अवसर बढ़ सकते हैं। इससे व्यापार, निवेश और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment