इंजीनियर बनकर Apple में आए, अब कंपनी के CEO बने John Ternus, जानिए उनका पूरा सफर

नई दिल्ली। एप्पल में बड़ा नेतृत्व बदलाव हुआ है। 1 सितंबर 2026 से जॉन टर्नस ने कंपनी के नए CEO का पद संभाल लिया है। 51 वर्षीय टर्नस ने करीब 15 साल तक एप्पल की कमान संभालने वाले टिम कुक की जगह ली है। कुक अब एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे। टर्नस को एप्पल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में भी शामिल किया गया है।

मैकेनिकल इंजीनियर से CEO तक का सफर

जॉन टर्नस ने अपने करियर की शुरुआत मैकेनिकल इंजीनियर के तौर पर की थी। एप्पल में शामिल होने से पहले वह Virtual Research Systems में काम कर चुके थे। साल 2001 में उन्होंने Apple की प्रोडक्ट डिजाइन टीम ज्वाइन की और धीरे-धीरे कंपनी में अहम जिम्मेदारियां संभालते हुए शीर्ष पद तक पहुंचे।

2013 में वह हार्डवेयर इंजीनियरिंग के वाइस प्रेसिडेंट बने और 2021 में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी मिली। करीब 25 साल के लंबे सफर के बाद अब वह कंपनी के CEO बन गए हैं। वह स्टीव जॉब्स और टिम कुक के बाद एप्पल के तीसरे CEO हैं।

कितनी है कमाई और नेटवर्थ?

CEO बनने से पहले टर्नस की सालाना बेस सैलरी करीब 10 लाख डॉलर बताई गई है। बोनस और शेयर आधारित पुरस्कारों को मिलाकर उनकी सालाना कमाई इससे काफी अधिक रही है। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उनकी नेटवर्थ करीब 7.5 करोड़ डॉलर आंकी गई है। हालांकि, यह आधिकारिक आंकड़ा नहीं है।

अब बड़ी चुनौतियां सामने

टर्नस ने ऐसे समय में कंपनी की कमान संभाली है, जब एप्पल नए प्रोडक्ट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी रणनीति पर काम कर रही है। हार्डवेयर डिजाइन के लंबे अनुभव वाले टर्नस के सामने अब कंपनी के प्रोडक्ट इनोवेशन, AI और भविष्य की टेक्नोलॉजी को लेकर बड़े फैसले लेने की चुनौती होगी। अब देखना होगा कि इंजीनियरिंग से शुरू हुआ उनका सफर एप्पल को CEO के रूप में किस नई दिशा में ले जाता है।

0 comments:

Post a Comment