भारत के लिए बड़ी खुशखबरी! सेमीकंडक्टर सेक्टर में आएगी सुनामी, 2030 तक 110 अरब डॉलर पहुंचेगा बाजार

नई दिल्ली। भारत में सेमीकंडक्टर यानी चिप इंडस्ट्री आने वाले वर्षों में बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में है। मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा सेंटर की बढ़ती मांग से इस सेक्टर को जबरदस्त मजबूती मिल रही है। अनुमान है कि साल 2030 तक भारत का सेमीकंडक्टर बाजार 100 से 110 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। 

इससे देश की टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री और अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। केयरएज एडवाइजरी की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 में भारतीय सेमीकंडक्टर बाजार का आकार करीब 45 से 50 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। यानी अगले कुछ वर्षों में इस कारोबार में तेजी से विस्तार हो सकता है।

नेटवर्किंग और डेटा सेंटर बढ़ाएंगे चिप की मांग

रिपोर्ट के अनुसार, अब सेमीकंडक्टर की मांग केवल मोबाइल और घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान तक सीमित नहीं है। नेटवर्किंग, कम्युनिकेशन, क्लाउड सर्विस और डेटा स्टोरेज जैसे क्षेत्रों में भी चिप की जरूरत तेजी से बढ़ रही है। नेटवर्किंग और कम्युनिकेशन सेक्टर की बाजार हिस्सेदारी 2020 के 26.1 फीसदी से बढ़कर 2030 तक 33.3 फीसदी होने का अनुमान है। वहीं कंप्यूटिंग और डेटा स्टोरेज की हिस्सेदारी भी 12.8 फीसदी से बढ़कर 15.1 फीसदी तक पहुंच सकती है।

सरकार ने 12 परियोजनाओं को दी मंजूरी

सेमीकंडक्टर निर्माण में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार भी लगातार प्रयास कर रही है। इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत गुजरात, असम, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पंजाब और आंध्र प्रदेश में 1.64 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली 12 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

इन परियोजनाओं में चिप निर्माण, सेमीकंडक्टर पैकेजिंग और टेस्टिंग से जुड़ी इकाइयां शामिल हैं। अक्टूबर तक इनमें से पांच परियोजनाओं में व्यावसायिक उत्पादन भी शुरू हो चुका था। इससे देश में चिप निर्माण का घरेलू आधार मजबूत होने की उम्मीद है।

पांच साल में तीन गुना से ज्यादा बढ़ा चिप का आयात

भारत में सेमीकंडक्टर की मांग तो तेजी से बढ़ रही है, लेकिन घरेलू उत्पादन अभी पूरी जरूरत पूरी नहीं कर पा रहा है। यही वजह है कि चिप के आयात में भी बड़ा इजाफा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2020-21 में भारत का सेमीकंडक्टर आयात 11.9 अरब डॉलर था, जो वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 36.5 अरब डॉलर पहुंच गया। यानी पांच साल में आयात तीन गुना से भी ज्यादा हो गया।

0 comments:

Post a Comment