भारत के लिए बड़ी खुशखबरी, देश के किसानों ने कर दिया कमाल

नई दिल्ली। भारत के किसानों ने एक बार फिर अपनी मेहनत का दम दिखाया है। देश में साल 2025-26 के दौरान प्रमुख फसलों का उत्पादन नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। गेहूं और चावल के साथ-साथ दलहन और तिलहन की पैदावार में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे देश की खाद्य सुरक्षा मजबूत होने के साथ कृषि निर्यात को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 26 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रमुख फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान जारी किए। इन आंकड़ों के मुताबिक, देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन बढ़कर 3,785.38 लाख टन हो गया है। पिछले साल यह आंकड़ा 3,577.32 लाख टन था। यानी एक साल में 208.06 लाख टन की बढ़ोतरी हुई है।

गेहूं और चावल का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर

इस साल चावल और गेहूं की पैदावार ने खास उपलब्धि हासिल की है। चावल का उत्पादन 1,551.54 लाख टन और गेहूं का उत्पादन 1,220.64 लाख टन दर्ज किया गया। वहीं मक्का का उत्पादन 550.25 लाख टन रहा। गन्ने की पैदावार भी 5,037.29 लाख टन तक पहुंच गई।

दाल और तेल के उत्पादन में भी खुशखबरी

किसानों ने दलहन और तिलहन के मामले में भी शानदार प्रदर्शन किया है। देश में कुल दलहन उत्पादन 272.40 लाख टन रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 15.57 लाख टन ज्यादा है। मूंग का उत्पादन बढ़कर 43.96 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

वहीं तिलहन का कुल उत्पादन 432.55 लाख टन रहा। इसमें मूंगफली का योगदान 131.71 लाख टन और सरसों का 137.66 लाख टन रहा। इससे आने वाले समय में दालों और खाद्य तेलों के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता कम करने की कोशिशों को मजबूती मिल सकती है।

निर्यात को भी मिल सकता है फायदा

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक, भारतीय चावल के निर्यात में 5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। भारत का बासमती चावल अमेरिका, कनाडा और मिडिल ईस्ट के बाजारों में अपनी जगह बना रहा है। उत्पादन में इजाफा होने से घरेलू जरूरतें पूरी करने के अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी भारत की स्थिति मजबूत हो सकती है।

अगले खरीफ सीजन के लिए भी अच्छी उम्मीद

कृषि मंत्रालय के शुरुआती अनुमान के अनुसार, 2026-27 के खरीफ सीजन में खाद्यान्न उत्पादन 1,671.43 लाख टन रह सकता है। यह पिछले पांच वर्षों के औसत से 97.67 लाख टन अधिक है। हालांकि अल नीनो, मानसून में देरी और कम बारिश जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं।

दरअसल, किसानों की मेहनत से देश ने कृषि उत्पादन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रिकॉर्ड पैदावार न केवल खाद्य सुरक्षा के लिहाज से अच्छी खबर है, बल्कि किसानों और कृषि निर्यात के लिए भी नए अवसर पैदा कर सकती है।

0 comments:

Post a Comment