8वें वेतन आयोग पर बड़ी खुशखबरी! हर महीने ₹15,400 बढ़ेगी सैलरी, खाते में आएगा ₹3.4 लाख एरियर

नई दिल्ली। केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए 8वें वेतन आयोग को लेकर एक बड़ी रिपोर्ट सामने आई है। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेपी मॉर्गन ने अपनी नई रिपोर्ट में वेतन बढ़ोतरी और एरियर का अनुमान पेश किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अगर सरकार 7वें वेतन आयोग की तर्ज पर फिटमेंट फैक्टर तय करती है, तो कर्मचारियों की सैलरी में औसतन 15,400 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा जनवरी 2026 से जुड़े एरियर के रूप में औसतन 3.4 लाख रुपये मिलने का अनुमान है।

1.83 रह सकता है फिटमेंट फैक्टर

जेपी मॉर्गन की 26 नवंबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार, 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 1.83 रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि, कर्मचारी संगठनों की मांग इससे काफी ज्यादा है। नेशनल काउंसिल (JCM) के स्टाफ साइड ने 3.83 फिटमेंट फैक्टर की मांग रखी है। ब्रोकरेज के अनुमान के मुताबिक, 1.83 फिटमेंट फैक्टर लागू होने पर न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये से बढ़कर करीब 33,000 रुपये हो सकती है।

हर महीने 15,400 रुपये बढ़ सकती है सैलरी

रिपोर्ट में बताया गया है कि जनवरी 2026 तक 60 फीसदी महंगाई भत्ते (DA) को ध्यान में रखने के बाद वास्तविक वेतन वृद्धि करीब 14 फीसदी रह सकती है। इसी आधार पर कर्मचारियों और पेंशनरों को औसतन 15,400 रुपये प्रति महीने का अतिरिक्त लाभ मिलने का अनुमान लगाया गया है।

₹3.4 लाख एरियर मिलने का अनुमान

सैलरी बढ़ोतरी के साथ एरियर को लेकर भी बड़ी गणना सामने आई है। जेपी मॉर्गन के मुताबिक, जनवरी 2026 से अक्टूबर 2027 तक के 22 महीनों का औसत एरियर करीब 3.4 लाख रुपये हो सकता है। रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि वित्त वर्ष 2027-28 और 2028-29 के दौरान करीब 1.2 करोड़ कर्मचारियों और पेंशनरों को कुल 7.2 लाख करोड़ रुपये का भुगतान हो सकता है। इसमें लगभग 4 लाख करोड़ रुपये एरियर के रूप में दिए जाने का अनुमान है।

फिटमेंट फैक्टर की मांग

दूसरी तरफ कर्मचारी संगठन 3.83 फिटमेंट फैक्टर लागू करने की मांग कर रहे हैं। अगर यह मांग स्वीकार होती है, तो न्यूनतम बेसिक वेतन 18,000 रुपये से बढ़कर करीब 69,000 रुपये हो सकता है। इसके अलावा सालाना इंक्रीमेंट को 3 फीसदी से बढ़ाकर 6 फीसदी करने की मांग भी रखी गई है।

कब लागू होगा 8वां वेतन आयोग?

8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था। इसकी सिफारिशों और अंतिम फिटमेंट फैक्टर पर अभी सरकार का फैसला आना बाकी है। जेपी मॉर्गन के अनुमान के मुताबिक, रिपोर्ट मई 2027 में आ सकती है और नवंबर 2027 से संशोधित वेतन मिलने की संभावना है।

ध्यान रहे कि 15,400 रुपये की मासिक बढ़ोतरी और 3.4 लाख रुपये के एरियर के आंकड़े जेपी मॉर्गन के अनुमान हैं, सरकार की ओर से घोषित अंतिम लाभ नहीं। वास्तविक रकम फिटमेंट फैक्टर और वेतन लागू होने की तारीख पर निर्भर करेगी।

0 comments:

Post a Comment