बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर! ATM से पैसे निकालने पर RBI ने लागू किया नया नियम

नई दिल्ली। ATM से पैसे निकालने वाले बैंक ग्राहकों के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बड़ा अपडेट जारी किया है। केंद्रीय बैंक ने 27 नवंबर को ATM और PoS मशीनों के जरिए कैश निकालने से जुड़े नियमों को लेकर नए मास्टर निर्देश जारी किए हैं। इनका मकसद ग्राहकों को ATM ट्रांजैक्शन और उससे लगने वाले शुल्क की स्पष्ट जानकारी देना है। नए निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।

RBI के नए नियम के मुताबिक, अब बैंकों को ग्राहकों को बताना होगा कि उन्होंने महीने में मिलने वाली कितनी फ्री ATM ट्रांजैक्शन लिमिट का इस्तेमाल कर लिया है। इसके लिए बैंक SMS या अन्य माध्यमों से अलर्ट भेज सकते हैं। साथ ही, फ्री लिमिट खत्म होने के बाद लगने वाले चार्ज की जानकारी भी देनी होगी।

महीने में कितनी बार कर सकेंगे फ्री ट्रांजैक्शन?

RBI ने फिलहाल ATM से फ्री ट्रांजैक्शन की सीमा में कोई बदलाव नहीं किया है। ग्राहक अपने बैंक के ATM से हर महीने 5 बार मुफ्त ट्रांजैक्शन कर सकते हैं। वहीं, दूसरे बैंक के ATM से मेट्रो शहरों में 3 और नॉन-मेट्रो शहरों में 5 फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलती है। फ्री लिमिट पूरी होने के बाद बैंक प्रत्येक अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर अधिकतम 23 रुपये और लागू टैक्स वसूल सकते हैं। इसमें कैश निकालने के साथ बैलेंस चेक जैसी नॉन-फाइनेंशियल सेवाएं भी शामिल हैं।

ATM से पैसे नहीं निकले तो नहीं लगेगा चार्ज

नए निर्देशों में ग्राहकों को राहत देते हुए RBI ने स्पष्ट किया है कि तकनीकी खराबी, सर्वर की समस्या या ATM में कैश नहीं होने के कारण असफल हुए ट्रांजैक्शन पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। ऐसे ट्रांजैक्शन को फ्री लिमिट में भी नहीं गिना जाएगा। इससे ग्राहकों को बेवजह अतिरिक्त चार्ज देने से राहत मिलेगी।

PoS मशीन से भी निकाल सकेंगे कैश

RBI ने PoS मशीन के जरिए कैश निकालने की सुविधा को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए हैं। ग्राहक डेबिट कार्ड, फुल KYC वाले प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट और UPI के माध्यम से इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इसके तहत एक बार में अधिकतम 2,000 रुपये और महीने में कुल 10,000 रुपये तक कैश निकाला जा सकेगा। इस सुविधा के लिए किसी सामान की खरीदारी करना जरूरी नहीं होगा। यदि बैंक या संबंधित संस्था कोई शुल्क लेती है, तो वह निकाली गई रकम के 1 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकता।

पुराने 17 सर्कुलर भी किए गए वापस

RBI ने ATM और PoS से जुड़े नियमों को आसान बनाने के लिए 2008 से 2022 के बीच जारी 17 पुराने सर्कुलर वापस ले लिए हैं। नए मास्टर निर्देश सरकारी, निजी, ग्रामीण और सहकारी बैंकों सहित संबंधित भुगतान संस्थाओं पर लागू होंगे।

0 comments:

Post a Comment