गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत के मुताबिक, चालू पेराई सत्र में अब तक कुल 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की जा चुकी है। इससे 63.80 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन हुआ है। शुरू हुई 96 मिलों में 78 निजी क्षेत्र, 17 सहकारी क्षेत्र और एक निगम क्षेत्र की मिल शामिल है।
हरदोई की चीनी मिल ने पेराई में मारी बाजी
पेराई के मामले में हरदोई की हरियावां चीनी मिल सबसे आगे है। यहां अब तक 22.41 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हो चुकी है। दूसरे नंबर पर सीतापुर की हरगांव चीनी मिल है, जिसने 21.94 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की है। वहीं मुजफ्फरनगर की खतौली चीनी मिल 20.95 लाख कुंतल के साथ तीसरे स्थान पर है।
किसानों को भुगतान में भी तेजी
इस पेराई सत्र में किसानों के लिए सबसे बड़ी राहत गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर है। अब तक 552.23 करोड़ रुपये के कुल देय गन्ना मूल्य के मुकाबले चीनी मिलों की ओर से शत-प्रतिशत से अधिक भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में किया जा चुका है।
भुगतान के मामले में लखीमपुर खीरी की अजबापुर डीसीएम ग्रुप चीनी मिल सबसे आगे है। इस मिल ने किसानों को 82 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। मेरठ की मवाना चीनी मिल ने 62 करोड़ रुपये और सीतापुर की हरगांव चीनी मिल ने 60.42 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
सीएम योगी ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों और चीनी मिलों को निर्देश दिया है कि गन्ना किसानों को उनकी उपज का पैसा प्राथमिकता के आधार पर जल्द दिया जाए। गन्ना विभाग भी भुगतान व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहा है।
सरकार की इस पहल से किसानों को बिचौलियों और भुगतान में देरी जैसी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। पेराई सत्र की शुरुआत से ही भुगतान में तेजी रहने से गन्ना किसानों को आर्थिक रूप से भी सहारा मिल सकता है।

0 comments:
Post a Comment