केंद्र सरकार की शानदार योजना, अब बिना गारंटी पाएं 20 लाख रुपये तक का कर्ज

नई दिल्ली। अगर आप अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं या पहले से चल रहे बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए पैसों की जरूरत है, तो केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) आपके लिए फायदेमंद हो सकती है। इस योजना के तहत छोटे और सूक्ष्म कारोबारियों को बिना किसी गारंटी के 20 लाख रुपये तक का बिजनेस लोन मिल सकता है।

चार श्रेणियों में मिलता है लोन

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत कारोबार की जरूरत के अनुसार चार तरह के लोन दिए जाते हैं।

शिशु योजना: इसमें 50 हजार रुपये तक का लोन मिलता है।

किशोर योजना: इसके तहत 50 हजार से 5 लाख रुपये तक की राशि मिल सकती है।

तरुण योजना: इसमें 5 लाख से 10 लाख रुपये तक का कर्ज दिया जाता है।

तरुण प्लस योजना: इसके तहत 10 लाख से 20 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है। हालांकि, इसका लाभ उन कारोबारियों को मिलता है, जिन्होंने पहले तरुण श्रेणी का लोन लेकर सफलतापूर्वक चुकाया हो।

कौन उठा सकता है योजना का लाभ?

इस योजना का फायदा गैर-कॉर्पोरेट और गैर-कृषि क्षेत्र के छोटे कारोबारियों और सूक्ष्म उद्यमों को मिल सकता है। इसमें दुकानदार, छोटे व्यापारी, कारीगर, सेवा क्षेत्र से जुड़े उद्यमी और छोटे विनिर्माण व्यवसाय शामिल हैं। इसके अलावा डेयरी, मुर्गी पालन और मधुमक्खी पालन जैसी कृषि से जुड़ी गतिविधियों के लिए भी ऋण लिया जा सकता है।

20 लाख रुपये तक के लोन के लिए आवेदन?

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के लिए इच्छुक आवेदक अपने नजदीकी बैंक की शाखा में जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा जनसमर्थ पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। आवेदन के दौरान पहचान पत्र, पते का प्रमाण, बैंक स्टेटमेंट और कारोबार से संबंधित जरूरी दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। बैंक आवेदक की पात्रता और कारोबार की जरूरतों का आकलन करने के बाद लोन पर फैसला लेता है।

क्या है इस योजना का सबसे बड़ा फायदा?

मुद्रा योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके तहत निर्धारित शर्तों के अनुसार बिना कोलैटरल यानी संपत्ति गिरवी रखे बिजनेस लोन मिल सकता है। इससे उन लोगों को कारोबार बढ़ाने का अवसर मिलता है, जिनके पास बैंक को गारंटी देने के लिए संपत्ति नहीं है।

0 comments:

Post a Comment