किन कर्मचारियों को मिलेगा योजना का लाभ?
यह सुविधा मिशन कर्मयोगी के तहत केंद्रीय कर्मचारियों के लिए है। इसमें अलग-अलग विभागों में काम करने वाले कर्मचारी और अधिकारी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, कोर्स कर्मचारी की नौकरी, जिम्मेदारी और विभाग की क्षमता विकास संबंधी जरूरतों के अनुरूप होना चाहिए। इसके लिए विभाग से मान्यता प्राप्त कोर्स का चयन करना जरूरी होगा।
किन विषयों में कर सकेंगे पढ़ाई?
कर्मचारी iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध चुनिंदा प्रीमियम ऑनलाइन कोर्स कर सकते हैं। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कानून, प्रशासन, सरकारी नीतियां, तकनीक और डिजिटल कौशल जैसे विषय शामिल हैं। इससे कर्मचारियों को अपने मौजूदा काम के साथ नई विशेषज्ञता हासिल करने का मौका मिलेगा।
कैसे मिलेंगे सालाना 6,000 रुपये?
इस राशि को पाने के लिए कर्मचारियों को पहले अपनी जेब से कोर्स की फीस जमा करनी होगी। इसके बाद संबंधित कोर्स पूरा करके आधिकारिक प्रमाणपत्र हासिल करना होगा। कर्मचारी को प्रमाणपत्र और फीस की रसीद निर्धारित समय सीमा के भीतर विभाग में जमा करनी होगी।
विभाग iGOT डैशबोर्ड के माध्यम से कोर्स पूरा होने की पुष्टि और दस्तावेजों का सत्यापन करेगा। इसके बाद पात्र कर्मचारी को अधिकतम 6,000 रुपये की प्रतिपूर्ति दी जाएगी। यह राशि एक साल में सभी पात्र कोर्स के लिए मिलाकर अधिकतम 6,000 रुपये ही होगी।
महंगे कोर्स का खर्च खुद उठाना होगा
अगर किसी कर्मचारी के चुने हुए कोर्स की फीस 6,000 रुपये से ज्यादा है तो अतिरिक्त रकम का भुगतान उसे अपनी जेब से करना होगा। सरकार की ओर से निर्धारित सालाना सीमा से अधिक राशि नहीं दी जाएगी।
इस पहल से केंद्रीय कर्मचारियों को नौकरी के साथ अपनी शैक्षणिक और तकनीकी क्षमता बढ़ाने का अवसर मिलेगा। खासकर AI और डिजिटल तकनीक जैसे तेजी से बदलते क्षेत्रों में यह सुविधा उनके लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

0 comments:
Post a Comment