18 जिलों में बनाए जाएंगे श्रमिक सुविधा केंद्र
श्रमिकों की जरूरत को देखते हुए 30 और 60 बिस्तरों की क्षमता वाले केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन्हें रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, औद्योगिक क्षेत्रों, श्रमिक मंडियों और निर्माण स्थलों के आसपास खोला जाएगा। जरूरत पड़ने पर किसी जिले में एक से अधिक केंद्र भी बनाए जा सकते हैं।
मुफ्त भोजन के साथ मिलेगी रहने की सुविधा
इन केंद्रों पर मजदूरों को बिस्तर, गद्दा, चादर, तकिया और कंबल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा स्वच्छ पानी, शौचालय, स्नानघर, रोशनी और साफ-सफाई की व्यवस्था भी रहेगी। सर्दी से बचाव के लिए जरूरत के अनुसार हीटिंग की सुविधा दी जाएगी। महिला और पुरुष श्रमिकों के लिए अलग-अलग ठहरने की व्यवस्था होगी। भोजन पर प्रति श्रमिक प्रतिदिन अधिकतम 70 रुपये खर्च किए जाएंगे। हर केंद्र पर देखभाल के लिए केयरटेकर और सुरक्षा के लिए चौकीदार भी तैनात रहेंगे।
किन मजदूरों को मिलेगा योजना का लाभ?
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए श्रम विभाग में पंजीकरण कराना अनिवार्य नहीं होगा। राजमिस्त्री, बेलदार, बढ़ई, प्लंबर, पेंटर, इलेक्ट्रीशियन, लोहार और अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े मजदूर इसका फायदा उठा सकेंगे। काम की तलाश में दूसरे राज्यों या जिलों से आने वाले प्रवासी श्रमिक भी पहचान पत्र दिखाकर यहां ठहर सकेंगे।
दो महीने तक चलेगी व्यवस्था
श्रमिक सुविधा केंद्रों का संचालन दो महीने तक किया जाएगा। इसके लिए 30 बिस्तरों वाले केंद्र पर 5.92 लाख रुपये और 60 बिस्तरों वाले केंद्र पर 8.32 लाख रुपये तक का बजट निर्धारित किया गया है। सरकार की इस पहल से सर्दियों में खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर मजदूरों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही इन केंद्रों पर श्रमिकों के पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

0 comments:
Post a Comment