यूपी में ग्राम प्रधानों की चमकी किस्मत! योगी सरकार ने दी खुशखबरी, जानें क्या-क्या बदलेगा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के ग्राम प्रधानों से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। योगी सरकार ने ग्राम पंचायतों में प्रशासकों का कार्यकाल अगले छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। सरकार के इस फैसले के बाद प्रदेश की हजारों ग्राम पंचायतों में फिलहाल पुरानी व्यवस्था जारी रहेगी। अब प्रशासक अगले छह महीने तक गांवों का कामकाज संभालेंगे। हालांकि, पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने पर यह व्यवस्था पहले भी समाप्त हो सकती है।

57,694 ग्राम पंचायतों में जारी रहेगी व्यवस्था

सरकार के नए आदेश के मुताबिक, प्रदेश की कुल 57,694 ग्राम पंचायतों के सामान्य कामकाज और विकास कार्यों की जिम्मेदारी प्रशासकों के पास रहेगी। यानी नई ग्राम पंचायतों का गठन और चुनाव होने तक गांवों में विकास से जुड़े काम नहीं रुकेंगे। शुक्रवार से कार्यकाल बढ़ाने का आदेश प्रभावी हो गया है।

क्यों बढ़ाया गया प्रशासकों का कार्यकाल?

दरअसल, प्रदेश की ग्राम पंचायतों का निर्धारित कार्यकाल 26 मई को समाप्त हो गया था। इसके बाद शासन ने निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त करते हुए पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्हें शुरुआत में छह महीने के लिए यह दायित्व दिया गया था। अब सरकार ने इसे एक बार फिर छह महीने के लिए बढ़ा दिया है।

पंचायत राज अधिनियम में भी हुआ बदलाव

इस फैसले के पीछे पंचायत राज अधिनियम में किया गया संशोधन भी अहम है। इसके तहत यदि लोकहित या अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण समय पर पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं होता है, तो राज्य सरकार प्रशासनिक समिति या प्रशासक नियुक्त कर सकती है। इनका कार्यकाल छह महीने तक बढ़ाया जा सकता है और जरूरत पड़ने पर एक बार फिर छह महीने का विस्तार दिया जा सकता है।

आयोग की रिपोर्ट आने तक संभालेंगे जिम्मेदारी

नए आदेश के अनुसार, प्रशासक छह महीने तक या राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने तक पंचायतों का कामकाज संभालेंगे। दोनों में से जो स्थिति पहले बनेगी, उसी के आधार पर प्रशासकों की यह व्यवस्था समाप्त होगी। इससे पंचायत चुनाव और नई ग्राम पंचायतों के गठन तक गांवों में प्रशासनिक कामकाज और विकास योजनाओं को जारी रखने में मदद मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment