बिहार में नौकरियों की बहार, ग्रेजुएट के लिए बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने कृषि विभाग में विभिन्न पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। इस भर्ती के तहत कुल 147 रिक्त पदों को भरा जाएगा। खास बात यह है कि इसमें असिस्टेंट डायरेक्टर और असिस्टेंट कंट्रोलर जैसे पद शामिल हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन का मौका मिलेगा।

15 दिसंबर से शुरू होंगे आवेदन

बीपीएससी की ओर से इस भर्ती के लिए विज्ञापन संख्या 17/2026 से 21/2026 तक जारी किए गए हैं। आवेदन की प्रक्रिया 15 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। योग्य उम्मीदवार 12 जनवरी 2027 तक अपना फॉर्म जमा कर सकेंगे। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 11 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।

योग्यता और आयु सीमा

इन पदों के लिए संबंधित विषय में स्नातक की डिग्री होना जरूरी है। यानी केवल सामान्य ग्रेजुएशन के आधार पर सभी पदों के लिए आवेदन नहीं किया जा सकेगा, बल्कि अलग-अलग पदों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता निर्धारित है। उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा सामान्य और आरक्षित वर्गों के अनुसार 37, 40 और 42 वर्ष तक रखी गई है। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर होगी।

मिलेगी लेवल-9 की सैलरी

चयनित अभ्यर्थियों को पे लेवल-9 के तहत वेतन दिया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और इंटरव्यू शामिल होंगे। कुछ पदों के लिए निर्धारित अनुभव के आधार पर अतिरिक्त वेटेज भी दिया जा सकता है।

ऐसे करें आवेदन

इच्छुक उम्मीदवार बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले संबंधित विज्ञापन को ध्यान से पढ़ना जरूरी है, ताकि पद के अनुसार योग्यता और अन्य शर्तों की जानकारी मिल सके।

0 comments:

Post a Comment