11 बस अड्डों पर शुरू हुआ निर्माण कार्य
इस परियोजना को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर आगे बढ़ाया जा रहा है। पहले चरण में 23 बस स्टेशनों को विकसित करने का प्रस्ताव है। इनमें से 11 बस अड्डों पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि 9 अन्य बस स्टेशनों के नक्शों को मंजूरी मिल गई है। जल्द ही यहां भी निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
परिवहन मंत्री ने दिए काम में तेजी लाने के निर्देश
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को परिवहन निगम मुख्यालय में परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। साथ ही गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न हो। इसके लिए निर्माण कार्यों की थर्ड पार्टी से जांच भी कराई जाएगी।
मंत्री ने बताया कि 34 परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) में से 8 शासन को भेजी जा चुकी हैं। बाकी रिपोर्ट 3 दिसंबर तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
दूसरे चरण में 49 बस स्टेशनों का विकास
परियोजना के दूसरे चरण में 49 बस अड्डों को आधुनिक बनाया जाएगा। इनमें से 5 के प्रस्ताव कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजे गए हैं। वहीं, 36 बस स्टेशनों के लिए दोबारा टेंडर जारी किए गए हैं। इसके अलावा 24 बस अड्डों की निविदाएं मिल चुकी हैं, जिनकी तकनीकी जांच की जा रही है।
सरकार की इस पहल से आने वाले समय में यूपी के यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकती हैं। बस अड्डों पर आधुनिक व्यवस्था विकसित होने से सफर पहले के मुकाबले अधिक सुविधाजनक और आरामदायक होने की उम्मीद है।

0 comments:
Post a Comment