क्या है NCS ONE पोर्टल?
NCS ONE एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका मकसद सरकारी और निजी क्षेत्र की रोजगार सेवाओं को एक साथ जोड़ना है। इसके जरिए विभिन्न जॉब पोर्टल, राज्य सरकारों के रोजगार कार्यालय, कंपनियों के भर्ती प्लेटफॉर्म और कॉलेजों के कैंपस प्लेसमेंट सिस्टम को एक नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इससे नौकरी तलाशने वाले युवाओं को अलग-अलग जगहों पर भटकने के बजाय एक ही प्लेटफॉर्म पर रोजगार से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी।
AI की मदद से भी खोज सकेंगे नौकरी
इस पोर्टल की खास बात इसमें मिलने वाली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सुविधाएं हैं। इसमें वॉयस बॉट और चैट बॉट की सुविधा दी गई है। यानी युवा अपनी भाषा में बोलकर या लिखकर भी नौकरी खोज सकेंगे। इसके अलावा पोर्टल पर ऑक्यूपेशनल शॉर्टेज इंडेक्स (OSI) नाम का टूल भी उपलब्ध कराया गया है। इससे पता चल सकेगा कि किस क्षेत्र में कुशल कर्मचारियों और कामगारों की मांग ज्यादा है।
मजदूरों के लिए भी शुरू हुई नई सुविधा
सरकार ने ई-श्रम पोर्टल पर आजीविका प्रोफाइल मॉड्यूल भी शुरू किया है। इसके माध्यम से असंगठित क्षेत्र के कामगारों की रोजगार संबंधी जानकारी के साथ राशन, स्वास्थ्य, जीवन बीमा, दुर्घटना बीमा और पेंशन जैसी सुविधाओं का विवरण एक ही प्रोफाइल में उपलब्ध होगा।
देश के इन 8 शहरों में खुले करियर लाउंज
युवाओं को करियर से जुड़ी सलाह और ट्रेनिंग देने के लिए सरकार ने जयपुर, लुधियाना, भुवनेश्वर, कानपुर, बेंगलुरु, वाराणसी, हैदराबाद और गुवाहाटी में आठ नए करियर लाउंज शुरू किए हैं। सरकार की योजना आगे चलकर देश के छोटे और मध्यम शहरों में ऐसे 200 सेंटर खोलने की है। यहां युवाओं को करियर काउंसलिंग और कौशल प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी।
सरकार के इस कदम से युवाओं को फायदा?
NCS ONE पोर्टल से नौकरी खोजने की प्रक्रिया आसान बनाने में मदद मिल सकती है। युवाओं को सरकारी और निजी क्षेत्र की नौकरियों की जानकारी एक ही नेटवर्क पर मिलेगी। वहीं कंपनियों को भी अपनी जरूरत के मुताबिक कुशल कर्मचारी तलाशने में आसानी होगी। सरकार की यह पहल रोजगार के अवसरों और युवाओं के कौशल के बीच बेहतर तालमेल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

0 comments:
Post a Comment