किसान भाइयों के लिए बड़ी खुशखबरी, नया ट्रैक्टर खरीदने पर सरकार देगी 3 लाख रुपये

न्यूज डेस्क। हरियाणा में खेती-किसानी करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के किसानों को नया ट्रैक्टर खरीदने में आर्थिक मदद देने के लिए विशेष योजना शुरू की है। इसके तहत 45 हॉर्स पावर या उससे अधिक क्षमता वाला ट्रैक्टर खरीदने पर किसानों को अधिकतम 3 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी। यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 के लिए लागू की गई है।

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन भी शुरू हो चुके हैं। इच्छुक किसान 15 दिसंबर 2026 तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट agriharyana.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू हुई थी।

कौन उठा सकता है योजना का लाभ?

इस योजना का फायदा लेने के लिए किसान का अनुसूचित जाति वर्ग से होना जरूरी है। इसके अलावा आवेदक का मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण होना चाहिए। किसान के पास खुद के नाम कृषि भूमि होनी चाहिए। हालांकि, परिवार पहचान पत्र (PPP) में दर्ज परिवार के किसी अन्य सदस्य के नाम जमीन होने पर भी आवेदन किया जा सकता है। सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में DBT के माध्यम से भेजी जाएगी। इसके लिए बैंक खाता आधार से लिंक और DBT के लिए सक्रिय होना जरूरी है।

इन किसानों को नहीं मिलेगा फायदा

विभाग की ओर से कुछ शर्तें भी निर्धारित की गई हैं। जिन किसानों ने पिछले पांच वर्षों के दौरान ट्रैक्टर खरीद पर सरकारी सब्सिडी का लाभ लिया है, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। इसलिए आवेदन करने से पहले सभी नियमों की जानकारी जरूर हासिल कर लें।

ड्रॉ से होगा लाभार्थियों का चयन

अगर निर्धारित लक्ष्य से ज्यादा आवेदन प्राप्त होते हैं, तो लाभार्थियों का चुनाव जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा ड्रॉ के जरिए किया जाएगा। इसके बाद चयनित किसानों के दस्तावेजों की जांच होगी और उन्हें ट्रैक्टर खरीदने की अनुमति दी जाएगी।

खास बात यह है कि चयनित किसान अपनी पसंद के निर्माता और डीलर से ट्रैक्टर खरीद सकेंगे। ऐसे में हरियाणा के पात्र SC किसानों के लिए कम कीमत में नया ट्रैक्टर खरीदने का यह अच्छा मौका है।

0 comments:

Post a Comment