योगी सरकार का बड़ा तोहफा, होमगार्ड परिवारों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। योगी सरकार ने होमगार्ड स्वयंसेवकों, अवैतनिक अधिकारियों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना को नया नाम दिया है। अब इसे 'मुख्यमंत्री होमगार्ड्स कैशलेस चिकित्सा योजना' के नाम से जाना जाएगा। इसके तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।

करीब 65 हजार परिवारों को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को होमगार्ड विभाग की पहले से संचालित कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था को नया नाम दिया। होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति के मुताबिक, इस योजना से प्रदेश के करीब 65 हजार परिवारों को लाभ मिलेगा। प्रत्येक परिवार को सालाना अधिकतम 5 लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा दी जाएगी।

सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज

इस योजना के तहत लाभार्थी आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़े सरकारी अस्पतालों और साचीज (SACHIS) के नेटवर्क में शामिल निजी अस्पतालों में कैशलेस उपचार करा सकेंगे। इसके लिए स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज के माध्यम से व्यवस्था संचालित होगी।

इस सुविधा से होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के दौरान अपनी जेब से बड़ी रकम खर्च करने की चिंता से राहत मिल सकती है।

सेवा में रहने तक ही मिलेगा योजना का लाभ

सरकार ने इस योजना के लिए पात्रता की शर्त भी स्पष्ट की है। होमगार्ड स्वयंसेवकों और अवैतनिक अधिकारियों को यह सुविधा केवल उनके सेवाकाल तक ही मिलेगी। यानी सेवा समाप्त होने के बाद वे योजना के लाभ के पात्र नहीं रहेंगे। सेवा समाप्त होते ही संबंधित आयुष्मान कार्ड भी निरस्त कर दिया जाएगा।

योगी सरकार की इस पहल से प्रदेश के हजारों होमगार्ड परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी। खासकर गंभीर बीमारी या महंगे इलाज की स्थिति में सालाना 5 लाख रुपये तक की कैशलेस सुविधा उनके लिए बड़ी आर्थिक मदद साबित हो सकती है।

0 comments:

Post a Comment