उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने PCS 2026 के पदों की संख्या 500 से बढ़ाकर 728 कर दी है। यानी भर्ती में 228 पदों का इजाफा हुआ है। इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को राहत मिल सकती है, जो SDM और डिप्टी एसपी जैसे पदों पर चयन पाने की तैयारी कर रहे हैं।
6 दिसंबर को होगी प्रारंभिक परीक्षा
आयोग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, PCS प्रारंभिक परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इस बार परीक्षा पूरे प्रदेश में एक ही दिन कराने का फैसला लिया गया है। परीक्षा के लिए 75 जिलों में 1,978 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस भर्ती में आवेदन करने वालों की संख्या 8,79,234 तक पहुंच गई है। ऐसे में बढ़े हुए पदों के बावजूद प्रतियोगिता काफी कठिन रहने वाली है।
इस दिन से मिलेगा एडमिट कार्ड
परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार 1 दिसंबर 2026 से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए UPPSC की वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह है कि एडमिट कार्ड मिलने के बाद परीक्षा केंद्र और उसमें दर्ज व्यक्तिगत जानकारी जरूर जांच लें।
परीक्षा का कार्यक्रम इस प्रकार है:
पहली पाली: सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक सामान्य अध्ययन।
दूसरी पाली: दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक CSAT।
नकल रोकने के लिए रहेगी हाईटेक व्यवस्था
इस बार परीक्षा में सुरक्षा को लेकर भी खास इंतजाम किए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर AI तकनीक वाले कैमरों से गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इन कैमरों की निगरानी आयोग के मुख्यालय से होगी। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अनुचित इस्तेमाल को रोकने के लिए परीक्षा कक्षों में जैमर लगाने की व्यवस्था की गई है।

0 comments:
Post a Comment