इस दस दिवसीय आयोजन में प्रदेश के किसानों, शिल्पकारों, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पाद बेचने और प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इसका मकसद ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले सामान को सीधे शहरी बाजार और ग्राहकों तक पहुंचाना है।
किसानों और ग्रामीण कारोबारियों को मिलेगा फायदा
सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर के मुताबिक, इस एक्सपो से ग्रामीण उत्पादकों को अपने सामान के लिए बेहतर बाजार तलाशने में मदद मिलेगी। साथ ही उपभोक्ता भी स्थानीय उत्पाद सीधे खरीद सकेंगे। इस आयोजन में इफको और नैफेड के अलावा डेयरी, मत्स्य पालन, खादी एवं ग्रामोद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, माटीकला और उर्वरक क्षेत्र से जुड़ी संस्थाएं हिस्सा लेंगी। इससे किसानों, दुग्ध उत्पादकों, मछली पालकों और कारीगरों को अपने काम को आगे बढ़ाने का मंच मिलेगा।
ओडीओपी और ओडीओसी उत्पाद होंगे खास आकर्षण
एक्सपो में एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP) और एक जनपद-एक व्यंजन (ODOC) योजना से जुड़े सामानों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यहां प्रदेश के अलग-अलग जिलों के प्रसिद्ध उत्पाद और पारंपरिक व्यंजन देखने और खरीदने को मिलेंगे। इससे स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और बिक्री को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही पारंपरिक हस्तशिल्प और लोक कलाओं को भी नई पहचान मिलेगी।
हर दिन होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
एक्सपो में केवल खरीदारी ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रतिदिन शाम 6 बजे से कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं, एक्सपो में आने वाले लोगों के लिए सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक प्रवेश और उत्पादों के अवलोकन की व्यवस्था रहेगी।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
योगी सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और छोटे कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खासकर महिला समूहों, किसानों और स्थानीय कारीगरों को अपने उत्पादों के लिए नए ग्राहक मिल सकते हैं। दरअसल, यूपी कोऑपरेटिव एक्सपो-2026 ग्रामीण उत्पादकों और शहरी बाजार के बीच एक मजबूत कड़ी बन सकता है। इससे स्थानीय कारोबार को विस्तार देने और प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान दिलाने में मदद मिलने की संभावना है।

0 comments:
Post a Comment