संगठन का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच रिटायर्ड कर्मचारियों को आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। साथ ही 8वें वेतन आयोग का फायदा उन कर्मचारियों को भी मिलना चाहिए, जो 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हो चुके हैं।
पेंशनर्स की ये हैं 10 बड़ी मांगें
FCPA ने अपने ज्ञापन में केंद्र सरकार के सामने कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए हैं। इनमें प्रमुख रूप से ये मांगें शामिल हैं:
पुरानी पेंशन योजना बहाल हो: 1 जनवरी 2004 या उसके बाद भर्ती कर्मचारियों के लिए OPS लागू करने और NPS-UPS बंद करने की मांग।
पुराने पेंशनर्स को लाभ: 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को भी 8वें वेतन आयोग के तहत पेंशन संशोधन का फायदा मिले।
20% अतिरिक्त राहत: मौजूदा पेंशन और फैमिली पेंशन पर 20 फीसदी अंतरिम राहत दी जाए।
DA-DR का विलय: 50 फीसदी महंगाई भत्ते और महंगाई राहत को बेसिक सैलरी और पेंशन में जोड़ा जाए।
कम्यूटेशन अवधि घटे: पेंशन की रिकवरी अवधि 15 साल से घटाकर 10 साल 8 महीने की जाए।
BSNL-MTNL पेंशन संशोधन: इन कर्मचारियों की पेंशन 1 जनवरी 2017 से संशोधित की जाए।
बैंक पेंशनर्स को राहत: बैंक कर्मचारियों की पेंशन में समय-समय पर संशोधन हो।
स्वायत्त संस्थानों को लाभ: ऐसे संस्थानों के कर्मचारियों और पेंशनर्स को भी वेतन आयोग व बेहतर मेडिकल सुविधाओं का लाभ मिले।
मेडिकल भत्ता बढ़े: फिक्स्ड मेडिकल अलाउंस को बढ़ाकर 5,000 रुपये प्रतिमाह किया जाए।
CGHS सुविधाओं में सुधार: अधिक अस्पतालों को पैनल में शामिल करने और कैशलेस इलाज की सुविधा बेहतर करने की मांग।
OROP में समानता: समान रैंक और सेवा अवधि वाले पुराने और नए पेंशनर्स को बराबर लाभ दिया जाए। इसके साथ ही 2025 के पेंशन वैलिडेशन कानून को वापस लेने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
20% राहत मिलने पर कितनी बढ़ सकती है पेंशन?
पेंशनर्स की 20 फीसदी अतिरिक्त राहत की मांग अगर स्वीकार होती है, तो रिटायर्ड कर्मचारियों को अच्छी आर्थिक मदद मिल सकती है। उदाहरण के लिए, किसी पेंशनर की बेसिक पेंशन 30,000 रुपये है, तो 20 फीसदी के हिसाब से उसे 6,000 रुपये अतिरिक्त मिल सकते हैं। यानी कुल बेसिक पेंशन 36,000 रुपये हो सकती है। हालांकि, यह केवल मांग को समझाने के लिए दिया गया उदाहरण है।
अभी सरकार की मंजूरी का इंतजार
पेंशनर्स संगठन ने अपनी मांगें सरकार के सामने रख दी हैं, लेकिन फिलहाल इनमें से किसी भी मांग को लागू करने की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में पेंशनर्स को अभी अंतिम सरकारी फैसले का इंतजार करना होगा। अगर सरकार इन प्रस्तावों पर सकारात्मक फैसला लेती है, तो केंद्रीय कर्मचारियों के साथ रेलवे, रक्षा, बैंक और BSNL-MTNL के लाखों रिटायर्ड कर्मचारियों को भी राहत मिल सकती है।

0 comments:
Post a Comment