क्या है भार्गवास्त्र?
भार्गवास्त्र को सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) ने विकसित किया है। यह एक मोबाइल और बहुस्तरीय रक्षा प्रणाली है, जिसे वाहनों पर तैनात किया जा सकता है। इसकी मदद से दुश्मन के छोटे ड्रोन, हथियारबंद UAV और एक साथ हमला करने वाले ड्रोन झुंडों को निशाना बनाया जा सकता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह स्वदेशी अनगाइडेड रॉकेट और सटीक माइक्रो-मिसाइलों के जरिए हवाई खतरों को नष्ट कर सकता है।
10 किलोमीटर दूर से पकड़ लेगा ड्रोन
भार्गवास्त्र में आधुनिक रडार सिस्टम लगाया गया है, जो करीब 10 किलोमीटर की दूरी से ड्रोन का पता लगा सकता है। इसके अलावा इसमें इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल, इन्फ्रारेड और रेडियो फ्रीक्वेंसी सेंसर भी मौजूद हैं। ये सभी सेंसर मिलकर दुश्मन के ड्रोन की पहचान करते हैं और उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हैं। इसके बाद कमांड एंड कंट्रोल सेंटर खतरे का आकलन करके उसे रोकने के लिए जरूरी कार्रवाई करता है।
इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग नहीं, सीधे करेगा हमला
इस सिस्टम की एक बड़ी खासियत इसका हार्ड-किल तरीका है। यानी यह दुश्मन के ड्रोन का सिग्नल जाम करने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि रॉकेट और माइक्रो-मिसाइलों से उन्हें भौतिक रूप से नष्ट कर सकता है। यह क्षमता उन स्वायत्त ड्रोनों के खिलाफ भी उपयोगी हो सकती है, जो संचार बाधित होने के बाद भी काम करते रहते हैं।
यह हथियार पहाड़ से रेगिस्तान तक करेगा काम
भार्गवास्त्र को अलग-अलग भौगोलिक परिस्थितियों में इस्तेमाल करने के लिए तैयार किया गया है। इसे रेगिस्तानी इलाकों, मैदानी क्षेत्रों और समुद्र तल से 5,000 मीटर तक की ऊंचाई वाले स्थानों पर तैनात करने के लिए डिजाइन किया गया है।
.png)
0 comments:
Post a Comment