केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, किसानों के लिए 3 बड़ी खुशखबरी, परेशानी दूर

नई दिल्ली। देश के किसानों को आगामी बुवाई सीजन में खाद की परेशानी न हो, इसके लिए केंद्र सरकार ने तैयारी तेज कर दी है। रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अधीन नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) ने यूरिया आयात के लिए नया टेंडर जारी किया है। सरकार का मकसद समय रहते खाद का पर्याप्त भंडार तैयार करना है, ताकि किसानों को जरूरत के समय यूरिया आसानी से उपलब्ध हो सके।

31 जनवरी 2027 तक पूरी करनी होगी शिपमेंट

NFL की ओर से 27 नवंबर 2026 को यूरिया आयात के लिए बोलियां आमंत्रित की गई हैं। टेंडर के मुताबिक, इच्छुक कंपनियां 8 दिसंबर 2026 तक अपनी बोली जमा कर सकती हैं। वहीं, यूरिया की खेप की शिपमेंट 31 जनवरी 2027 तक पूरी करनी होगी। इसमें उन सप्लायरों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो भारत में जल्द से जल्द खाद पहुंचा सकेंगे।

खाद की कीमतों से बढ़ सकती है सब्सिडी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की कीमतों में तेजी आने से सरकार की चिंता भी बढ़ी है। पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण खाद के आयात की लागत बढ़ रही है। उर्वरक सचिव रजत कुमार मिश्रा के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में उर्वरक सब्सिडी का खर्च 1.71 लाख करोड़ रुपये के बजट अनुमान से आगे निकल सकता है।

देश में हर महीने बन रहा 26 लाख टन यूरिया

सरकार आयात पर निर्भरता कम करने के लिए घरेलू उत्पादन को भी बढ़ावा दे रही है। प्राकृतिक गैस की महंगी कीमतों के बावजूद देश की यूरिया फैक्ट्रियां हर महीने लगभग 26 लाख टन उत्पादन कर रही हैं। सरकार का कहना है कि फिलहाल देश में खाद का पर्याप्त भंडार मौजूद है।

इसके अलावा नेशनल इन्वेस्टमेंट पॉलिसी फॉर यूरिया (NIPU)-2026 के तहत छह नई यूरिया निर्माण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं पर करीब 54,000 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। दरअसल, सरकार आयात और घरेलू उत्पादन दोनों के जरिए खाद की उपलब्धता बनाए रखने की कोशिश कर रही है, ताकि आगामी खेती के मौसम में किसानों को यूरिया की कमी का सामना न करना पड़े।

0 comments:

Post a Comment