8वें वेतन आयोग से रिटायर्ड कर्मचारियों को भी मिलेगी खुशखबरी? पेंशन को लेकर बढ़ी उम्मीदें

नई दिल्ली । 8वें वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनर्स की निगाहें भी सरकार के फैसले पर टिकी हुई हैं। खासकर उन कर्मचारियों में चिंता और उम्मीद दोनों हैं, जो 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हो चुके हैं। अब पेंशनर्स संगठनों ने मांग उठाई है कि पुराने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी नए वेतन आयोग के तहत पेंशन संशोधन का लाभ मिलना चाहिए।

आपको बता दें की इस संबंध में दो प्रमुख पेंशनर्स संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर 8वें वेतन आयोग के नियमों में बदलाव करने की अपील की है। वहीं, 25 नवंबर 2026 को दिल्ली में इस मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया गया।

PM मोदी को पत्र लिखकर क्या मांग की गई?

फोरम ऑफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन (FCPA) और भारत पेंशनर्स समाज (BPS) ने प्रधानमंत्री से 8वें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) में जरूरी संशोधन करने की मांग की है। संगठनों का कहना है कि 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को भी पेंशन रिवीजन का लाभ मिलना चाहिए। उनका तर्क है कि समान पद और समान सेवा अवधि वाले कर्मचारियों की पेंशन केवल रिटायरमेंट की तारीख के आधार पर अलग नहीं होनी चाहिए।

दिल्ली में पेंशनर्स ने किया प्रदर्शन

पुराने पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग में शामिल करने की मांग को लेकर 25 नवंबर को दिल्ली के ईस्टर्न कोर्ट में प्रदर्शन किया गया। इसमें FCPA, भारत पेंशनर्स एसोसिएशन और डिफेंस सिविलियन पेंशनर्स से जुड़े लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि पुराने पेंशनर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए आयोग के नियमों में स्पष्ट प्रावधान किया जाए।

पेंशन वैलिडेशन एक्ट 2025 पर क्यों है आपत्ति?

पेंशनर्स संगठनों ने वित्त अधिनियम 2025 के तहत लाए गए वैलिडेशन ऑफ पेंशन रूल्स एक्ट 2025 पर भी सवाल उठाए हैं। FCPA का मानना है कि इससे अलग-अलग समय पर रिटायर हुए समान परिस्थितियों वाले पेंशनर्स के बीच असमानता पैदा हो सकती है। संगठन ने सुप्रीम कोर्ट के चर्चित डीएस नकारा फैसले (1983) का हवाला देते हुए कहा है कि केवल रिटायरमेंट की तारीख के आधार पर समान पेंशनर्स के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।

क्या पुराने पेंशनर्स की बढ़ेगी पेंशन?

फिलहाल सरकार की ओर से 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग के तहत पेंशन संशोधन का लाभ देने पर कोई अंतिम घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में पुराने पेंशनर्स को अभी इंतजार करना होगा। यदि सरकार संगठनों की मांग स्वीकार कर आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस में बदलाव करती है, तो पुराने पेंशनर्स के लिए भी पेंशन संशोधन का रास्ता खुल सकता है। फिलहाल यह मामला मांग और विचार के स्तर पर है, किसी आधिकारिक मंजूरी के स्तर पर नहीं।

0 comments:

Post a Comment