क्या है पूरा मामला?
यह मामला अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में कार्यरत एक कर्मचारी से जुड़ा है। नौकरी शुरू करने के करीब दो महीने बाद ही एक सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद उनकी पत्नी को अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली।
बाद में राज्य सरकार ने कर्मचारियों और मृत कर्मचारियों के आश्रितों को CPF से पुरानी पेंशन योजना में जाने का विकल्प दिया। महिला ने निर्धारित समय के भीतर आवेदन भी कर दिया, लेकिन उनके पति का CPF खाता नंबर जारी नहीं होने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
सरकार ने क्या दी दलील?
राज्य सरकार का कहना था कि कर्मचारी ने बहुत कम समय तक नौकरी की थी, इसलिए उनके जीवित रहते CPF खाता नहीं खुल पाया। जब खाता नंबर जारी हुआ, तब तक OPS में शामिल होने की निर्धारित समयसीमा समाप्त हो चुकी थी।
हाई कोर्ट ने क्या सुनाया फैसला?
मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस कुलदीप माथुर की पीठ ने कहा कि महिला ने समय रहते पुरानी पेंशन योजना चुनने का विकल्प दे दिया था। CPF खाता नंबर जारी करने में हुई देरी सरकारी अधिकारियों की वजह से थी, इसलिए इसकी सजा महिला को नहीं दी जा सकती।
हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि विभागीय लापरवाही के कारण किसी आवेदक के अधिकार प्रभावित नहीं होने चाहिए। कोर्ट ने महिला की याचिका स्वीकार करते हुए राज्य सरकार को उनके OPS में शामिल होने के आवेदन पर नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस फैसले से संबंधित महिला को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

0 comments:
Post a Comment