यूपी में बनेगा नया पुल, लखनऊ-बहराइच मार्ग होगा आसान

सीतापुर: लखनऊ वाया सिधौली-बहचाइच मार्ग पर यातायात की समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार ने अहम कदम उठाया है। सिधौली-बिसवा मार्ग पर स्थित हुसेनगंज नहर पुल के निर्माण के लिए तीन करोड़ 30 लाख रुपये मंजूर कर दिए गए हैं। 

बता दें की इस नए पुल की लंबाई 30 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर होगी, जबकि वर्तमान पुराना पुल केवल 5.5 मीटर चौड़ा है। अधिकारियों के अनुसार, संकरा पुल होने के कारण अक्सर इस मार्ग पर जाम की समस्या उत्पन्न होती थी। पुल पर एक साथ दो बड़े वाहन गुजर नहीं पाते थे, जिससे माल परिवहन और आम वाहनों को भारी कठिनाई होती थी।

लाखों वाहनों को मिलेगा फायदा

यह मार्ग सिर्फ बहराइच ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के लिए भी महत्वपूर्ण है। यहां से अधिकांश माल वाहन लखनऊ की ओर जाते हैं। नए पुल के बनने से माल परिवहन तेज और सुरक्षित होगा। विशेष रूप से तंबौर के प्लाइवुड उद्योग को इसका सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में छोटे ट्रकों से माल भेजना पड़ता है, जिससे परिवहन लागत अधिक होती थी। पुल के बाद बड़े ट्रक सीधे माल भेज सकेंगे, जिससे उत्पादन की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी।

बाक्स तकनीक से होगा निर्माण

लोक निर्माण विभाग पुल निर्माण के लिए बाक्स तकनीक का उपयोग करेगा। सहायक अभियंता मनोज कुमार के अनुसार, पुल को 10-10 मीटर के तीन हिस्सों में बनाया जाएगा। यह तकनीक मजबूत और दीर्घकालीन मानी जाती है। निर्माण कार्य लगभग एक वर्ष में पूरा होने का अनुमान है।

अधिशासी अभियंता बुद्धि सागर सिंह ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। नए पुल के बन जाने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि स्थानीय उद्योग और व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment