बिहार की धरती में छिपा है खनिजों का भंडार, 8 जिलों के लिए खुशखबरी!

पटना। बिहार में खनिज संपदा के विकास की दिशा में सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। राज्य के कई जिलों में महत्वपूर्ण खनिजों के भंडार मिलने के बाद अब इनके खनन और खनिज ब्लॉकों की नीलामी की तैयारी की जा रही है। इससे राज्य में निवेश बढ़ने के साथ राजस्व और रोजगार के नए अवसर बनने की उम्मीद है।

खनिज ब्लॉकों की नीलामी, निवेश की संभावनाओं और आगे की रणनीति को लेकर पटना में केंद्रीय और राज्य स्तर के अधिकारियों के बीच चर्चा प्रस्तावित है। बैठक में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे के साथ मंत्रालय के अधिकारी तथा बिहार के खान एवं भू-तत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार शामिल होंगे।

इन 8 जिलों में मिले खनिज

खान एवं भू-तत्व विभाग के अनुसार रोहतास, गया, जमुई, बांका, नवादा, औरंगाबाद, जहानाबाद और भागलपुर में ग्लूकोनाइट, निकेल, क्रोमियम, तांबा, लेड-जिंक, दुर्लभ मृदा तत्व और अन्य महत्वपूर्ण खनिज मिले हैं। इनमें कई खनिजों की जरूरत बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऊर्जा और रक्षा जैसे क्षेत्रों में होती है। ऐसे में इनके व्यावसायिक इस्तेमाल से बिहार में उद्योगों को बढ़ावा मिल सकता है।

बढ़ेगा निवेश और रोजगार

खनिज ब्लॉकों की नीलामी से सरकार को रॉयल्टी और अन्य मदों के जरिए राजस्व मिलने की उम्मीद है। वहीं, खनन और खनिज आधारित उद्योग शुरू होने पर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं। सरकार का जोर खनिजों के उत्खनन के साथ उनके प्रसंस्करण और उनसे जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने पर भी है। इससे आने वाले समय में बिहार की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment