यूपी में राशन दुकानदारों को खुशखबरी, कमीशन में बंपर इजाफा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राशन दुकानदारों यानी कोटेदारों के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कमीशन बढ़ाने का ऐलान किया। अब कोटेदारों को पहले के मुकाबले ज्यादा कमीशन मिलेगा। साथ ही राशन वितरण को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नई व्यवस्था भी शुरू की गई है।

90 से बढ़कर 125 रुपये हुआ कमीशन

सरकार ने राशन दुकानदारों का कमीशन 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया है। इस फैसले से प्रदेशभर के कोटेदारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े दुकानदारों की भूमिका को मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

ई-पॉस से मिलेगा फीडबैक

राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए ई-पॉस आधारित फीडबैक सिस्टम की शुरुआत भी की गई है। इससे राशन लेने वाले लाभार्थियों की प्रतिक्रिया दर्ज की जा सकेगी और वितरण व्यवस्था की निगरानी बेहतर तरीके से होगी। सीएम योगी ने कहा कि पहले राशन व्यवस्था में होने वाली गड़बड़ियों का असर कोटेदारों की छवि पर भी पड़ता था। उनकी सरकार ने बिचौलियों की भूमिका कम करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया है।

गोदाम तक सीधे पहुंचेगा राशन

सरकार के अनुसार अब एफसीआई के गोदाम से राशन सीधे उचित दर की दुकानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। ई-पॉस मशीनों के जरिए वितरण प्रक्रिया को भी पहले से अधिक पारदर्शी बनाया गया है। इसके अलावा उचित दर की दुकानों को ‘अन्नपूर्णा भवन’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है, जहां दुकान के साथ भंडारण की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

करोड़ों लोगों को मिल रहा मुफ्त राशन

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रदेश में करीब 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार के मुताबिक निराश्रित और दिव्यांग लाभार्थियों तक घर पर राशन पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है।

0 comments:

Post a Comment