सीएम योगी का बड़ा तोहफा, यूपी के युवाओं के लिए 3 बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई एकीकृत युवा नीति तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को ऐसी नीति बनाने के निर्देश दिए हैं, जिसमें शिक्षा, रोजगार, कौशल, स्टार्टअप, खेल और डिजिटल सुविधाओं को एक साथ शामिल किया जाएगा। खास बात यह है कि नीति तैयार करने से पहले 16 से 35 वर्ष की उम्र के युवाओं से सीधे सुझाव लिए जाएंगे।

1. AI और नई टेक्नोलॉजी में करियर के अवसर

नई युवा नीति में AI, रोबोटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, ड्रोन और सेमीकंडक्टर जैसे तेजी से उभरते क्षेत्रों को खास महत्व दिया जाएगा। युवाओं के लिए इन क्षेत्रों में प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़े अवसर बढ़ाने की योजना है। इसके साथ ही हर जिले में स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए यूथ इन्क्यूबेशन सेंटर विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा। इससे अपना कारोबार शुरू करने वाले युवाओं को बेहतर माहौल और जरूरी मार्गदर्शन मिल सकेगा।

2. नौकरी और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक प्लेटफॉर्म पर

युवाओं की सुविधा के लिए एक इंटीग्रेटेड डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार करने की योजना है। इस प्लेटफॉर्म पर करियर गाइडेंस, छात्रवृत्ति, रोजगार मेले और युवाओं से जुड़ी विभिन्न सरकारी सेवाओं की जानकारी एक जगह उपलब्ध कराने की तैयारी है। सरकार की कोशिश है कि युवाओं को अलग-अलग योजनाओं और अवसरों की जानकारी के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें।

3. युवाओं को खेल और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगा बढ़ावा

युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए गांव से लेकर मंडल स्तर तक खेल सुविधाएं विकसित करने की योजना है। ग्राम पंचायतों में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जिला स्तर पर खेल उत्कृष्टता केंद्र और मंडल स्तर पर हाई परफॉर्मेंस सेंटर बनाने पर जोर रहेगा।

इसके अलावा आधुनिक पुस्तकालय और अध्ययन केंद्रों की संख्या बढ़ाने की भी तैयारी है। मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना को विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों तक विस्तार देने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। इसमें युवा IAS-IPS अधिकारियों और दूसरे विशेषज्ञों को मार्गदर्शन के लिए जोड़ा जा सकता है।

युवाओं से पूछकर तैयार होगी नीति

नई नीति की खास बात यह होगी कि इसे केवल सरकारी स्तर पर तैयार नहीं किया जाएगा। विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, शोधार्थियों, स्टार्टअप संचालकों, युवा प्रोफेशनल्स और अन्य क्षेत्रों से जुड़े युवाओं की राय ली जाएगी। सरकार युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों की निगरानी और समीक्षा के लिए विशेषज्ञों की भागीदारी वाला राज्य युवा आयोग गठित करने की संभावना पर भी विचार कर रही है। इसका उद्देश्य योजनाओं को जमीनी जरूरतों के मुताबिक बेहतर बनाना होगा।

0 comments:

Post a Comment