बिहार के इन जिलों में बनेंगे नए एयरपोर्ट, लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी!

पटना: बिहार में हवाई सफर को आसान बनाने की दिशा में सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य में नए एयरपोर्ट, हेलीपैड और हवाई सुविधाएं विकसित करने की संभावनाओं पर काम शुरू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संशोधित उड़ान योजना RCS 6.0 को लेकर हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ने के निर्देश दिए।

इन जिलों में बढ़ेगी हवाई सुविधा

सरकार ने गोपालगंज के सबेया, अररिया के फारबिसगंज, किशनगंज, सारण और बेगूसराय के उलाव में हवाई सुविधाओं के विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा है। इसके अलावा औरंगाबाद, बांका, खगड़िया, नवादा, शेखपुरा और सीतामढ़ी में भी हेलीपैड या दूसरी हवाई सुविधाओं की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए हैं।

पर्यटन स्थलों पर भी बनेगा फोकस

सरकार की योजना सिर्फ नए एयरपोर्ट तक सीमित नहीं है। राजगीर, गया, सासाराम, कैमूर और शाहाबाद क्षेत्र में हेलीपैड विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है। ऐसे स्थानों को प्राथमिकता देने की बात कही गई है, जहां हवाई सुविधा शुरू होने से आसपास के कई जिलों को फायदा मिल सके।

जमीन और यात्रियों की संख्या का आकलन

नए एयरपोर्ट या हेलीपैड के लिए सबसे पहले जमीन की उपलब्धता, जगह की उपयुक्तता, संभावित यात्रियों की संख्या और तकनीकी जरूरतों का अध्ययन किया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभागों और केंद्र सरकार की एजेंसियों के साथ समन्वय कर आगे की प्रक्रिया बढ़ाई जाएगी।

0 comments:

Post a Comment