बिहार में फिर बदलेगा मौसम! 10 जिलों में भारी वर्षा और तेज आंधी का अलर्ट

पटना: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है, जबकि आने वाले दिनों में कुछ जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने अगले 24 घंटे के लिए 10 जिलों में भारी बारिश और आंधी-पानी की चेतावनी जारी की है।

इन 10 जिलों में ज्यादा असर

मौसम विभाग के अनुसार बक्सर, जहानाबाद, नवादा, रोहतास, औरंगाबाद, भभुआ, गया, सारण, सिवान और वैशाली में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। इन जिलों में बारिश के साथ तेज हवा और गरज-चमक की संभावना है। अगले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

तापमान में भी आएगी गिरावट

मौसम विभाग के मुताबिक बारिश और बादलों के असर से अगले 24 घंटे में प्रदेश के तापमान में एक से दो डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इससे उमस और गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम में बदलाव की वजह मानसून ट्रफ और बंगाल की खाड़ी के आसपास बने कम दबाव वाले क्षेत्र का प्रभाव बताया जा रहा है। इसके कारण बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की गतिविधियां आगे भी बनी रह सकती हैं।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

आंधी और बिजली चमकने के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है। तेज हवा के दौरान पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर निर्माण वाले स्थानों से दूरी रखना बेहतर होगा। बिहार में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं। खासकर अलर्ट वाले 10 जिलों के लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी पर नजर रखते हुए सावधानी बरतनी चाहिए।

0 comments:

Post a Comment