यूपी सरकार का बड़ा फैसला, खिलाड़ियों के लिए 5 बड़ी खुशखबरी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। योगी सरकार राजधानी लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में स्पोर्ट्स साइंस एंड इंजरी मैनेजमेंट सेंटर तैयार करा रही है। करीब 7.17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्रदेश का पहला ऐसा सेंटर होगा, जहां खिलाड़ियों को चोट के इलाज से लेकर फिटनेस और रिकवरी तक कई सुविधाएं एक ही जगह मिलेंगी।

एक सेंटर में मिलेंगी ये सुविधाएं

इस सेंटर में खिलाड़ियों को फिजियोथेरेपी, चोटों का उपचार, पुनर्वास, पोषण संबंधी सलाह, मानसिक स्वास्थ्य सहायता और खेल प्रदर्शन सुधार की सुविधा मिलेगी। इससे चोट लगने के बाद खिलाड़ियों को इलाज और रिकवरी के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

अत्याधुनिक मशीनों से होगा इलाज

सेंटर को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस किया जा रहा है। यहां क्रायोथेरेपी, शॉकवेव थेरेपी, टीईसीएआर, इलेक्ट्रोथेरेपी और चिकित्सीय लेजर जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। इन सुविधाओं से मांसपेशियों, लिगामेंट, टेंडन और अन्य खेल संबंधी चोटों के उपचार व पुनर्वास में मदद मिलेगी।

आम लोगों को भी मिल सकती है सुविधा

खास बात यह है कि प्रस्ताव के अनुसार खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि आम लोग भी फीस देकर यहां चोटों का इलाज और पुनर्वास करा सकेंगे। इससे सेंटर का लाभ व्यापक स्तर पर मिलने की उम्मीद है।

खिलाड़ियों के लिए सेंटर का निर्माण कार्य जारी

सेंटर का निर्माण कार्य फिलहाल चल रहा है। उपकरणों की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही आगे की कार्रवाई शुरू होगी। परियोजना को कार्य शुरू होने के बाद एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा प्रशिक्षकों और खेल विशेषज्ञों के लिए भी प्रशिक्षण व क्षमता विकास की व्यवस्था होगी। इससे उत्तर प्रदेश में खिलाड़ियों को वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षण देने और चोट के बाद बेहतर वापसी कराने में मदद मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment