रूस से 5 और S-400 लाएगा भारत, चीन-पाक की बढ़ी टेंशन!

नई दिल्ली। भारत अपनी वायु रक्षा क्षमता को और मजबूत करने की तैयारी में है। भारतीय वायुसेना के लिए रूस से पांच अतिरिक्त S-400 एयर डिफेंस सिस्टम खरीदने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। भारत की ओर से जारी टेंडर के जवाब में रूस ने रक्षा मंत्रालय को अपना विस्तृत प्रस्ताव सौंप दिया है। इस संभावित सौदे की कीमत 50 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

रूस ने सौदे के लिए दिया प्रस्ताव

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस के प्रस्ताव पर फिलहाल प्रक्रिया चल रही है। नए सिस्टम मिलने के बाद भारत की लंबी दूरी की वायु रक्षा क्षमता में और इजाफा होगा। प्रस्तावित S-400 की तैनाती देश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों मोर्चों पर किए जाने की संभावना है।

ऑपरेशन सिंदूर में दिखी थी ताकत

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान S-400 ने भारत की एयर डिफेंस व्यवस्था में अहम भूमिका निभाई थी। इसकी लंबी दूरी तक निगरानी और हवाई खतरों को रोकने की क्षमता ने पाकिस्तान की ओर से आने वाले संभावित हवाई हमलों के खिलाफ भारत को रणनीतिक बढ़त दी।

पहले सौदे की पांचवीं यूनिट जल्द

भारत और रूस के बीच 2018 में पांच S-400 स्क्वाड्रन के लिए समझौता हुआ था। इनमें से चार भारत को मिल चुके हैं, जबकि पांचवीं यूनिट की डिलीवरी नवंबर 2026 तक होने की उम्मीद है। नए सौदे के तहत आपूर्ति समझौते पर हस्ताक्षर के करीब तीन साल बाद शुरू होने की संभावना है।

इसके अलावा भारत S-400 के लिए 280 से अधिक अतिरिक्त मिसाइलें भी हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इससे देश की बहुस्तरीय वायु रक्षा प्रणाली को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment