SBI दे रहा 15 लाख तक की स्कॉलरशिप, छात्रों के लिए खुशखबरी, करें आवेदन!

नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी छात्रों के लिए अच्छी खबर है। SBI फाउंडेशन की प्लेटिनम जुबली आशा स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 19 सितंबर 2026 कर दी गई है। खास बात यह है कि आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।

इस योजना के तहत कक्षा 9वीं से लेकर पोस्टग्रेजुएशन और विदेश में उच्च शिक्षा हासिल कर रहे विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। अलग-अलग श्रेणियों में स्कॉलरशिप की रकम ₹15 हजार से लेकर ₹15 लाख सालाना तक रखी गई है।

किसे कितनी मदद मिलेगी?

कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अधिकतम ₹15 हजार, ग्रेजुएशन छात्रों को ₹75 हजार और पोस्टग्रेजुएशन के लिए ₹1.5 लाख तक मिल सकते हैं। MBBS विद्यार्थियों के लिए यह सहायता ₹2 लाख तक है।

वहीं, देश के IIT में पढ़ने वाले छात्रों को ₹2 लाख और IIM में MBA/PGDM कर रहे विद्यार्थियों को ₹5 लाख तक की मदद मिल सकती है। विदेश की चुनिंदा शीर्ष यूनिवर्सिटी में उच्च शिक्षा लेने वाले भारतीय छात्रों के लिए अधिकतम ₹15 लाख की स्कॉलरशिप का प्रावधान है।

ऐसे करें आवेदन

योग्य विद्यार्थी SBI आशा स्कॉलरशिप के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान मार्कशीट, आय प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, बैंक पासबुक और संस्थान से जुड़े दस्तावेज अपलोड करने होंगे। संबंधित श्रेणी के अनुसार प्रवेश परीक्षा का स्कोरकार्ड या अन्य प्रमाणपत्र भी मांगा जा सकता है।

आवेदन की अंतिम तारीख 19 सितंबर 2026 है। विद्यार्थियों को फॉर्म भरने से पहले अपनी पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए।

0 comments:

Post a Comment