यूपी में राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ा अपडेट, 4.38 लाख लाभार्थियों पर कार्रवाई की तैयारी

गोंडा। उत्तर प्रदेश के देवीपाटन मंडल में करीब 4 लाख 38 हजार राशन लाभार्थियों के नाम पात्रता सूची से हटाने की तैयारी शुरू हो गई है। ये लाभार्थी पिछले छह महीने से सरकारी राशन नहीं ले रहे हैं। विभाग पहले इनके राशन कार्ड को अस्थायी रूप से निष्क्रिय करेगा और बाद में पात्रता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

ई-केवाईसी नहीं कराने वालों पर सख्ती

खाद्य एवं रसद विभाग ने अपात्र लाभार्थियों की पहचान के लिए नई व्यवस्था लागू की है। हर महीने 21 तारीख को पिछले छह महीनों से राशन नहीं लेने वाले कार्डधारकों की पहचान की जाएगी। इसके बाद अगले महीने की पहली तारीख से ऐसे कार्ड अस्थायी रूप से निष्क्रिय किए जा सकते हैं। हालांकि, कार्ड ऑनलाइन दिखाई देता रहेगा, लेकिन उस पर राशन का आवंटन और वितरण बंद हो जाएगा।

चार जिलों में स्थिति

देवीपाटन मंडल में कुल 77.19 लाख लाभार्थियों में से करीब 69.83 लाख की ई-केवाईसी हो चुकी है, जबकि 4,38,132 लाभार्थियों की ई-केवाईसी अभी बाकी है। इनमें गोंडा में 1,56,711, बहराइच में 1,40,120, बलरामपुर में 1,01,601 और श्रावस्ती में 39,700 लाभार्थी शामिल हैं। विभाग के मुताबिक कुछ लोग अपात्र हो सकते हैं, जबकि कई लोग रोजगार के लिए दूसरे स्थानों पर चले गए हैं। कोटेदारों के माध्यम से ई-केवाईसी पूरी कराने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।

समय रहते करा लें ई-केवाईसी

खाद्य एवं रसद विभाग ने राशन लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपने कोटेदार से संपर्क कर ई-केवाईसी की प्रक्रिया जल्द पूरी करा लें। ऐसा नहीं करने पर आगे राशन का लाभ बंद होने के साथ पात्रता सूची से नाम हटाया जा सकता है।

0 comments:

Post a Comment