22 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल और बदायूं में तेज से भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली से सटे इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।
पूर्वांचल में भी बढ़ेगा बारिश का असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, निम्न दबाव क्षेत्र के कारण शुरुआत में पश्चिमी यूपी में बारिश ज्यादा होगी। मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने के साथ 6 से 8 सितंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कई जगह तेज बारिश हो सकती है। हालांकि इसके बाद निम्न दबाव क्षेत्र कमजोर पड़ने पर बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
कई जिलों में हुई जोरदार बारिश
शुक्रवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। हमीरपुर में 75 मिमी, ललितपुर में 72 मिमी, झांसी में 61.7 मिमी और आगरा में 52 मिमी बारिश हुई।
लगातार सक्रिय मानसून के चलते प्रदेश में बारिश की कमी भी लगभग पूरी हो चुकी है। अब मौसमी बारिश सामान्य से सिर्फ एक प्रतिशत कम रह गई है।

0 comments:
Post a Comment