रोजगार से लेकर कारोबार तक पर जोर
सरकार का फोकस सिर्फ आर्थिक मदद देने तक सीमित नहीं है। महिलाओं को प्रशिक्षण, बैंक ऋण, उद्यमिता और बाजार से जोड़कर उन्हें अपना छोटा कारोबार शुरू करने के अवसर दिए जा रहे हैं। खाद्य प्रसंस्करण, सिलाई-कढ़ाई, डेयरी, हस्तशिल्प और स्वच्छता उत्पाद जैसे क्षेत्रों में महिलाएं गतिविधियां चला रही हैं।
82 लाख से ज्यादा महिला किसान जुड़ीं
कृषि क्षेत्र में भी स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास हो रहा है। आंकड़ों के अनुसार, 82 लाख से अधिक महिला किसान इन समूहों से जुड़ी हैं। खेती और इससे जुड़ी गतिविधियों को आय का अतिरिक्त जरिया बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
बचत और ऋण से आगे बढ़ रहा मॉडल
स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, बचत और ऋण की सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे सीमित पूंजी के साथ छोटे व्यवसाय शुरू करने की संभावनाएं बढ़ी हैं। समूहों में महिलाएं अपने अनुभव साझा करने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार पैदा करने वाली गतिविधियों से भी जुड़ रही हैं।
सरकार का लक्ष्य इन समूहों को आगे स्थायी आय, कारोबार और बेहतर बाजार अवसरों से जोड़ना है, ताकि ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो और गांवों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हों।

0 comments:
Post a Comment