योगी सरकार की बड़ी पहल, यूपी के OBC युवाओं के लिए खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए योगी सरकार की ओर से बड़ी पहल की गई है। आर्थिक रूप से कमजोर OBC युवक-युवतियों को निशुल्क O-Level और CCC कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के साथ उन्हें रोजगार के लिए जरूरी तकनीकी कौशल उपलब्ध कराना है।

31 हजार से ज्यादा युवा ले रहे प्रशिक्षण

वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस योजना के लिए 40 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इस साल कुल 31,602 प्रशिक्षणार्थी कंप्यूटर शिक्षा हासिल कर रहे हैं। इनमें 24,240 युवा O-Level और 7,362 अभ्यर्थी CCC पाठ्यक्रम में शामिल हैं। प्रशिक्षण की शुरुआत 11 अगस्त से हो चुकी है।

इस योजना के लिए इस साल 70 हजार से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए थे। चयनित युवाओं को बिना किसी फीस के कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।

ये युवा उठा सकते हैं लाभ

योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी का OBC वर्ग से होना जरूरी है। साथ ही उसने इंटरमीडिएट या उससे अधिक शिक्षा हासिल की हो और परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये तक होनी चाहिए।

338 संस्थानों में मिल रही सुविधा

प्रशिक्षण के लिए पूरे प्रदेश में 338 मान्यता प्राप्त संस्थानों का नेटवर्क तैयार किया गया है। इनमें O-Level, CCC या दोनों पाठ्यक्रमों की सुविधा उपलब्ध है। इससे प्रदेश के अलग-अलग जिलों में रहने वाले युवाओं को अपने आसपास ही कंप्यूटर प्रशिक्षण लेने का अवसर मिल रहा है।

सरकार की ओर से O-Level प्रशिक्षण के लिए प्रति विद्यार्थी 15 हजार रुपये और CCC के लिए 3,500 रुपये तक का भुगतान किया जाता है।

रोजगार के लिए तैयार हो रहे युवा

निशुल्क कंप्यूटर शिक्षा के जरिए सरकार युवाओं को डिजिटल क्षेत्र की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर जोर दे रही है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं को बिना अतिरिक्त खर्च के तकनीकी दक्षता हासिल करने और रोजगार के नए अवसर तलाशने में मदद मिल सकती है।

0 comments:

Post a Comment