यूपी में यहां बनेगी फोरलेन सड़क, जीडीए ने शुरू किया सर्वे

गोरखपुर। यूपी के गोरखपुर के विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने रामगढ़ताल क्षेत्र की कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। जीडीए ने चंपा देवी पार्क से गोरक्ष एन्क्लेव तक की सड़क को फोरलेन बनाने के लिए सर्वे का कार्य प्रारंभ कर दिया है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद यह इलाका न सिर्फ यातायात की दृष्टि से सुलभ होगा, बल्कि क्षेत्र के व्यावसायिक और आवासीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में बड़ा कदम

रामगढ़ताल क्षेत्र के गोरक्ष एन्क्लेव, ग्रीनवुड अपार्टमेंट, गौतम विहार और इंदिरानगर जैसी बस्तियों की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है। संकरी सड़क के कारण अब तक यहां आवागमन में कठिनाइयां आती रही हैं। फोरलेन सड़क बनने के बाद इन इलाकों तक पहुंचना सुगम हो जाएगा।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित सड़क

जीडीए की योजना सिर्फ सड़क चौड़ी करने तक सीमित नहीं है। परियोजना के तहत सड़क के दोनों ओर डिवाइडर, पाथवेज और ग्रीन-बेल्ट का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा, सड़क को आकर्षक बनाने के लिए आर्नामेंटल स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रात में भी यह क्षेत्र उज्ज्वल और सुरक्षित रहेगा।

क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार

इस मार्ग पर जीडीए द्वारा 5000 सीट क्षमता वाले कन्वेंशन सेंटर, व्यावसायिक कांप्लेक्स और फाइव स्टार होटल का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। फोरलेन सड़क बनने से इन परियोजनाओं को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे आसपास के क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा।

गोरखपुर के विकास की नई दिशा

इस सड़क परियोजना से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि यह क्षेत्र गोरखपुर का एक नया व्यावसायिक और पर्यटन केंद्र बनकर उभरेगा। फोरलेन सड़क, आधुनिक ढांचा और ग्रीन-बेल्ट मिलकर रामगढ़ताल क्षेत्र को एक स्मार्ट सिटी मॉडल के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

0 comments:

Post a Comment