यूपी में चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का असर: कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान “मोंथा” (Cyclone Motha) अब राज्य के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों को प्रभावित कर रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दो दिनों तक पूर्वांचल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है।

पूर्वांचल में चक्रवात का असर शुरू

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार सुबह “मोंथा” एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। इसका प्रभाव फिलहाल उत्तर प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी जिलों में दिखाई दे रहा है। यूपी के प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही आदि इलाकों में 31 अक्टूबर तक आंधी, बिजली गिरने और मध्यम से भारी वर्षा के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले क्षेत्रों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने के लिए कहा गया है।

दक्षिणी यूपी और बुंदेलखंड में भी असर

मोंथा का असर केवल पूर्वांचल तक सीमित नहीं रहा। दक्षिणी जिलों में मंगलवार को ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। सोनभद्र में 65 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक थी। झांसी में 51 मिमी, जबकि उरई (जालौन) में 48.2 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।

तेज हवाओं के साथ हुई इस बारिश से कई जगह तापमान में हल्की गिरावट महसूस की गई है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी ठंड में विशेष बढ़ोतरी नहीं होगी, लेकिन नवंबर के दूसरे सप्ताह से तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।

लखनऊ और आसपास का मौसम

राजधानी लखनऊ समेत पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश में भी बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है। हालांकि, यहां बारिश की तीव्रता पूर्वांचल के मुकाबले कम रहेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 नवंबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे, जबकि 2 नवंबर से मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा।

0 comments:

Post a Comment