भारत के लिए 2 बड़ी खुशखबरी: सोना भंडार में हुई जबरदस्त बढ़ोतरी

नई दिल्ली। भारत को इस सप्ताह आर्थिक मोर्चे पर दोहरी खुशी मिली। एक तरफ अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के बाद अमेरिकी टैरिफ (US Tariff) में संभावित राहत ने व्यापारिक माहौल को सकारात्मक संकेत दिया। वहीं, दूसरी तरफ विदेशी मुद्रा और सोने के भंडार में ऐतिहासिक बढ़ोतरी ने देशवासियों के लिए उत्साह बढ़ा दिया।

सोना भंडार में ऐतिहासिक उछाल

बीते सप्ताह अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के भाव में तेज बढ़ोतरी दर्ज हुई। इस कारण भारतीय रिज़र्व बैंक के सोने के भंडार (Gold Reserve of India) की वैल्यू में $4.99 अरब की वृद्धि हुई। इसके परिणामस्वरूप अब भारत का सोने का कुल भंडार $128.466 अरब तक पहुँच गया है, और कुल सोने की मात्रा 880 टन के पार हो गई है।

आपको बता दें की यह भंडार देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार का करीब 15 प्रतिशत बनाता है। पिछले सप्ताह सोने के भंडार में $14.208 अरब की गिरावट देखी गई थी, लेकिन इस तेजी ने वह नुकसान पूरी तरह से पार कर लिया और नई ऊंचाई तक पहुँचाया।

विदेशी मुद्रा भंडार में भी जबरदस्त बढ़ोतरी

सोने के साथ ही विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Currency Reserve of India) में भी बढ़ोतरी हुई। इस अवधि में एफसीए और अन्य विदेशी मुद्रा निवेशों में $3.5 अरब से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे भारत का कुल विदेशी मुद्रा भंडार एक बार फिर अपने पिछले रिकॉर्ड को पार कर गया।

विदेशी मुद्रा और सोने दोनों में यह उछाल भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए मजबूती का संकेत है और वैश्विक वित्तीय स्थिरता में देश की स्थिति को और मजबूत करता है। इस सप्ताह की ये आर्थिक खुशखबरें दर्शाती हैं कि भारत ने वित्तीय मजबूती और वैश्विक व्यापारिक संतुलन दोनों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। 

0 comments:

Post a Comment