आज सीएम योगी देंगें सौगात, किसानों के लिए 3 बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर उत्तर प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। शनिवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रदेश के लाखों किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे और कृषि क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। यह पहल किसानों की सुरक्षा, आय स्थिरता और कृषि ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

किसानों के लिए तीन बड़ी खुशखबरी

1. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ 2025) के अंतर्गत लगभग 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि वितरित की जाएगी। प्राकृतिक आपदाओं, अनियमित बारिश या अन्य कारणों से फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को यह राहत सीधे उनके खातों में पहुंचाई जाएगी। इससे किसानों को आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिलेगी और वे अगली फसल की तैयारी बेहतर ढंग से कर सकेंगे।

2. कृषक दुर्घटना कल्याण योजना से परिवारों को सहारा

कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 3500 लाभार्थी परिवारों को कुल 175 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी। यह योजना खेती के दौरान दुर्घटना में मृत्यु या गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति में किसानों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। इस सहायता से प्रभावित परिवारों को कठिन समय में संबल मिलेगा।

3. आपदा मित्रों को जीवन बीमा सुरक्षा

प्रदेश में आपदा के समय राहत कार्यों में लगे ‘आपदा मित्रों’ को जीवन बीमा कवर दिया जाएगा। इससे आपदा प्रबंधन में कार्यरत कर्मियों को सुरक्षा की गारंटी मिलेगी और उनका मनोबल भी बढ़ेगा।

कृषि अवसंरचना को मिलेगा बल

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कई जिलों में उप कृषि निदेशक कार्यालयों और मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं का शिलान्यास करेंगे। बागपत, शामली, कासगंज और भदोही में बनने वाली ये सुविधाएं किसानों को वैज्ञानिक खेती के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और मिट्टी की जांच की आधुनिक सुविधा प्रदान करेंगी। इससे उर्वरक के संतुलित उपयोग और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा झांसी के मऊरानीपुर में 50 शैया वाले छात्रावास भवन का निर्माण भी शुरू किया जाएगा, जिससे कृषि शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। लखनऊ में स्मार्ट कृषि ब्यूरो स्टूडियो इकाई की स्थापना से कृषि संबंधी जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन को डिजिटल माध्यम से किसानों तक तेजी से पहुंचाया जा सकेगा।

0 comments:

Post a Comment