पिछले 24 घंटे में हुई जोरदार बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में करीब 24 सेंटीमीटर, जबकि बांदा में 9 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश से कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी, तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। 31 अगस्त से 3 सितंबर के बीच पूर्वी यूपी के कई इलाकों में बारिश का दौर तेज हो सकता है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इन 11 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा
अगले 24 घंटों के लिए 11 जिलों में अचानक बाढ़ और जलभराव का अलर्ट जारी किया गया है। प्रभावित जिलों में कानपुर नगर, उन्नाव, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, महोबा, जालौन और झांसी शामिल हैं। इन क्षेत्रों के निचले इलाकों, सड़कों और खेतों में पानी भरने की आशंका है।
किसानों और लोगों के लिए जरूरी सलाह
किसानों को खेतों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। गीली मिट्टी में फिलहाल खाद और कीटनाशक का छिड़काव करने से बचने को कहा गया है। वहीं बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की गई है।

0 comments:
Post a Comment