योगी सरकार के 8 बड़े फैसले, यूपीवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक में रखे गए 27 प्रस्तावों में से 24 को मंजूरी दी गई। इन फैसलों का असर महिलाओं, युवाओं, डॉक्टरों, बुजुर्गों और यात्रियों समेत कई वर्गों पर पड़ेगा।

1. बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा

60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत उन्हें परिवहन निगम की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा देने को मंजूरी मिली है। पात्रता के लिए आधार या वोटर आईडी का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

2. गंगा एक्सप्रेसवे पहुंचेगा हरिद्वार

गंगा एक्सप्रेसवे को बिजनौर से हरिद्वार तक बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना पर करीब 10,761 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इससे प्रयागराज और हरिद्वार के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

3. इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ा

एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न के लिए भी बड़ा फैसला हुआ है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों में इंटर्नशिप करने वाले छात्रों का मासिक स्टाइपेंड 12 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है।

4. एडीओ पंचायत की सीधी भर्ती

सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के पदों को लेकर भी बदलाव किया गया है। अब 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती के जरिए भरे जाएंगे। इससे युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के नए अवसर खुलेंगे।

5. बुजुर्ग माता-पिता के अधिकार मजबूत

जो बच्चे अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल नहीं करते या उनके साथ दुर्व्यवहार करते हैं, उनके खिलाफ सख्त प्रावधान किए गए हैं। नए नियमों के तहत जरूरत पड़ने पर माता-पिता ऐसे बच्चों को अपनी संपत्ति से बेदखल करने की प्रक्रिया अपना सकेंगे।

6. 250 इलेक्ट्रिक बसें होंगी शामिल

यूपी रोडवेज के बेड़े में 250 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने की तैयारी है। इसके लिए करीब 400 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे यात्रियों को बेहतर और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

7. सुल्तानपुर में बनेगा औद्योगिक क्लस्टर

सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर विकसित करने को मंजूरी दी गई है। परियोजना की अनुमानित लागत 272.25 करोड़ रुपये है।

8. नौ जिलों में बढ़ेगा औद्योगिक निवेश

कैबिनेट ने 11 औद्योगिक परियोजनाओं के लिए लेटर ऑफ कंफर्ट जारी करने को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं से नौ जिलों में करीब 5,504 करोड़ रुपये के निवेश का रास्ता साफ होगा।

0 comments:

Post a Comment