यूपी सरकार का बड़ा फैसला, छात्राओं के लिए 2 नई खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की छात्राओं के लिए सरकार ने बड़ी पहल की है। उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्राओं के लिए कॉलेज तक पहुंचना आसान बनाने के उद्देश्य से रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना लागू की गई है। इसके तहत मेधावी छात्राओं को स्कूटी के साथ पेट्रोल और कई जरूरी सुविधाएं भी दी जाएंगी।

मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी

योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक पास करने वाली छात्राओं में से शीर्ष 5 प्रतिशत मेधावी छात्राओं का चयन किया जाएगा। इसके लिए राज्य विश्वविद्यालय, निजी विश्वविद्यालय और उनसे संबद्ध पात्र कॉलेजों से छात्राओं का विवरण लिया जा रहा है। स्कूटी के पैकेज में चार लीटर पेट्रोल, पंजीकरण शुल्क, व्यापक वाहन बीमा, आईएसआई मार्क हेलमेट और जरूरी एक्सेसरीज भी शामिल रहेंगी। यानी छात्राओं को स्कूटी मिलने के साथ शुरुआती खर्च का भी ध्यान रखा जाएगा।

इन छात्राओं को भी मिलेगा लाभ

योजना में सामान्य वर्ग की मेधावी छात्राओं के साथ बलिदानी परिवारों, दिव्यांग और निराश्रित छात्राओं को भी विशेष लाभ दिया जाएगा। इन श्रेणियों में निर्धारित मेरिट से 10 प्रतिशत तक कम अंक वाली छात्राओं को भी पात्रता में शामिल करने का प्रावधान है। योजना का लाभ लेने के लिए छात्रा का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना जरूरी है। साथ ही परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

जिले में समारोह के जरिए वितरण

पात्र छात्राओं की सूची विश्वविद्यालयों की ओर से तैयार की जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी स्तर पर चयनित छात्राओं को स्कूटी वितरित की जाएगी। हर जिले में समारोह आयोजित कर वितरण कराने की योजना है। हालांकि, अंतिम चयन शासन स्तर पर किया जाएगा। सरकार की इस योजना से एक ओर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर कॉलेज और विश्वविद्यालय तक आने-जाने में उनकी परेशानी भी कम हो सकती है।

0 comments:

Post a Comment