लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले छह महीनों में प्रदेश के करीब 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
सीएम योगी ने युवाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि अलग-अलग विभागों में भर्ती प्रक्रिया के जरिए हर सप्ताह नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे। उन्होंने युवाओं से भर्ती प्रक्रिया को लेकर किसी तरह की चिंता न करने की बात कही।
कृषि विभाग में 3572 युवाओं को नियुक्ति पत्र
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग में चयनित 3572 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी तरीके से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे प्रदेश के लाखों युवाओं में उम्मीद बढ़ी है। आने वाले महीनों में विभिन्न विभागों में भर्ती और नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है। सरकार की ओर से हर सप्ताह अलग-अलग चरणों में नियुक्ति पत्र दिए जाने की बात कही गई है। ऐसे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं की नजर अब आगामी भर्तियों और उनके नोटिफिकेशन पर रहेगी।

0 comments:
Post a Comment