पूर्वांचल में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। गोरखपुर, वाराणसी, आजमगढ़ और सोनभद्र समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। मंगलवार को भी पूर्वांचल के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इसके चलते तापमान में गिरावट देखने को मिली है और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली।
लखनऊ में भी बारिश के आसार
राजधानी लखनऊ में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई दौर में बारिश और गरज-चमक के संकेत दिए हैं। मंगलवार को भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश और बादलों के कारण लखनऊ के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी होने की उम्मीद नहीं है। मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान करीब 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से नीचे रहा।
पश्चिमी यूपी में कम रहेगी बारिश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल की तुलना में मानसून का प्रभाव थोड़ा कमजोर रह सकता है। हालांकि कुछ स्थानों पर बादल गरजने के साथ बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां जारी रहने के संकेत दिए हैं।

0 comments:
Post a Comment