देश में बुधवार को प्याज की औसत खुदरा कीमत करीब ₹46.74 प्रति किलो रही। पिछले एक महीने में कीमतों में करीब 35 फीसदी और पिछले साल की तुलना में लगभग 63 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरकार के मुताबिक त्योहारों के समय मांग बढ़ने से कीमतों में कुछ तेजी सामान्य बात है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
450 टन प्याज लेकर दिल्ली पहुंच रही कांदा एक्सप्रेस
दिल्ली में प्याज की आपूर्ति बढ़ाने के लिए महाराष्ट्र के नासिक स्थित लासलगांव से विशेष मालगाड़ी 'कांदा एक्सप्रेस' रवाना की गई है। 21 बोगियों वाली इस ट्रेन में करीब 450 मीट्रिक टन प्याज लदा है। ट्रेन दिल्ली के आदर्शनगर स्टेशन पहुंचेगी। सरकार की योजना पहले इससे अधिक प्याज भेजने की थी, लेकिन पैकिंग में देरी के कारण फिलहाल करीब 450 टन प्याज ही रवाना किया गया।
दिल्ली में ₹35 किलो की दर से बिक्री
केंद्र सरकार ने दिल्ली में बफर स्टॉक के प्याज की बिक्री ₹35 प्रति किलो की दर से शुरू कर दी है। NCCF और NAFED के मोबाइल वैन व आउटलेट्स के अलावा सफाल और केंद्रीय भंडार के माध्यम से भी उपभोक्ताओं को प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार के अनुसार दिल्ली के साथ-साथ लखनऊ, पटना, वाराणसी, चेन्नई, कोलकाता, गुवाहाटी, जम्मू, अमृतसर और चंडीगढ़ जैसे शहरों में भी सरकारी प्याज की सप्लाई की जा रही है।
सरकार के पास पर्याप्त बफर स्टॉक
सरकार के अनुमान के मुताबिक 2025-26 में देश में प्याज का उत्पादन करीब 307.37 लाख टन रह सकता है। इसके अलावा सरकार के पास लगभग 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक मौजूद है। ऐसे में केंद्र का फोकस बाजार में अतिरिक्त आपूर्ति बढ़ाकर कीमतों पर नियंत्रण रखने और त्योहारों के दौरान आम लोगों को राहत देने पर है।

0 comments:
Post a Comment