यूपी में ADO पंचायत भर्ती नियम बदले, अब 50% पदों पर होगी सीधी भर्ती

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पंचायत विभाग में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश सरकार ने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) यानी ADO पंचायत के पदों पर भर्ती व्यवस्था में बदलाव को मंजूरी दे दी है। अब इन पदों में से आधे पद सीधी भर्ती के जरिए भरे जाएंगे। इससे लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

अब आधे पदों पर सीधे होगी भर्ती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सेवा (द्वितीय संशोधन) नियमावली, 2026 को मंजूरी दी गई। नए नियम के तहत ADO पंचायत के 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती से और बाकी 50 प्रतिशत पद पदोन्नति के माध्यम से भरे जाएंगे। 

पहले इस कैडर के सभी पद पदोन्नति के जरिए भरे जाने की व्यवस्था थी। सरकार ने अब भर्ती में अनुभव के साथ युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से नियमों में संशोधन किया है।

पंचायतों में बढ़ी ADO की जिम्मेदारी

गांवों में विकास योजनाओं का दायरा बढ़ने के साथ ADO पंचायत की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), डिजिटल लाइब्रेरी, बहुद्देशीय पंचायत भवन, अंत्येष्टि स्थल और उत्सव भवन जैसी योजनाओं से जुड़े काम पंचायत स्तर पर चल रहे हैं।

विकासखंड स्तर पर ADO पंचायत ग्राम पंचायतों में होने वाले कार्यों की निगरानी और उनके सत्यापन की जिम्मेदारी भी निभाते हैं। इसके अलावा चुनाव और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से संबंधित कई कार्यों में भी इनकी भूमिका रहती है।

प्रदेश में 826 पद स्वीकृत

उत्तर प्रदेश में फिलहाल ADO पंचायत के 826 पद स्वीकृत हैं। सेवा नियमों में बदलाव के बाद इन पदों पर भर्ती के तरीके में बड़ा परिवर्तन हो गया है। सीधी भर्ती का हिस्सा 50 प्रतिशत किए जाने से आने वाले समय में योग्य युवाओं को इस पद पर नियुक्ति का मौका मिल सकेगा।

0 comments:

Post a Comment