सरकार की मुख्यमंत्री हथकरघा बुनकर समृद्धि योजना के तहत अगले पांच साल में 150 हैंडलूम क्लस्टर विकसित किए जाने हैं। एक क्लस्टर के लिए जरूरत के मुताबिक अधिकतम 2.5 करोड़ रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाएगी। इस पहल का मकसद बुनकरों को उत्पादन से लेकर बिक्री तक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
ऐसे तैयार होंगे बुनकरों के क्लस्टर
इस योजना में कम से कम 25 बुनकरों को एक साथ जोड़कर उनका समूह बनाया जाएगा। समूह को फर्म के रूप में पंजीकृत कराया जाएगा, जिसके बाद उसे योजना का लाभ मिल सकेगा। बुनकरों को उनके काम से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने और तैयार माल की बिक्री के लिए बाजार से जोड़ने पर भी जोर रहेगा। इससे छोटे स्तर पर काम करने वाले बुनकरों को अपने कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
1000 एकड़ में विकसित होगा टेक्सटाइल पार्क
हथकरघा क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश के टेक्सटाइल सेक्टर को भी बढ़ावा देने की तैयारी है। हरदोई में करीब 1,000 एकड़ जमीन पर पीएम मित्र मेगा वस्त्र पार्क विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना में जरूरी सुविधाएं तैयार करने के लिए 1,950 करोड़ रुपये खर्च करने के प्रस्ताव को भी कैबिनेट से मंजूरी मिली है।
पार्क में उद्योगों के लिए सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के अलावा पेयजल, ठोस कचरा प्रबंधन, बॉयलर, श्रमिक आवास, वेयरहाउस और स्किल डेवलपमेंट सेंटर जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। मास्टर डेवलपर के चयन की प्रक्रिया फिलहाल जारी है। सरकार के अनुसार, पार्क में निवेश को लेकर 50 से ज्यादा प्रस्ताव भी सामने आ चुके हैं। इससे आने वाले समय में प्रदेश में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

0 comments:
Post a Comment